Noida International Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून 2026 को पहली कमर्शियल उड़ान शुरू होने जा रही है। इस ऐतिहासिक अवसर से पहले गुरुवार को एयरपोर्ट परिसर में धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एयरपोर्ट के सफल संचालन, प्रदेश की समृद्धि और क्षेत्र के विकास की कामना के साथ टर्मिनल फोरकोर्ट एरिया (ईस्ट साइड) में विधि-विधान से हवन संपन्न कराया गया। हवन के दौरान पूरे परिसर में वैदिक मंत्रों की गूंज सुनाई दी और वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंग गया। कार्यक्रम में जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह, यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (YIAPL) तथा यमुना प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Noida International Airport: 15 जून को होगी पहली उड़ान, लखनऊ से पहुंचेगा यात्री विमान
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अधिकारियों के अनुसार, 15 जून को पहली उड़ान के तहत एक यात्री विमान लखनऊ से यात्रियों को लेकर सुबह एयरपोर्ट पहुंचेगा और इसके बाद वापस लखनऊ के लिए रवाना होगा। यह उड़ान एयरपोर्ट के कमर्शियल संचालन की औपचारिक शुरुआत मानी जा रही है। लंबे समय से प्रतीक्षित इस परियोजना के शुरू होने से दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में कनेक्टिविटी, व्यापार और निवेश के नए अवसर भी खुलेंगे। एयरपोर्ट प्रबंधन और प्रशासन इस ऐतिहासिक दिन को सफल बनाने के लिए लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।
उत्तर प्रदेश के विकास और वैश्विक पहचान का प्रतीक बनेगा एयरपोर्ट
हवन कार्यक्रम के बाद जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि Noida International Airport केवल एक हवाई अड्डा नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के विकास, निवेश, रोजगार और वैश्विक पहचान का नया केंद्र बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और यह महत्वाकांक्षी परियोजना उसी सोच का परिणाम है। एयरपोर्ट के शुरू होने से जेवर क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बनाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इस परियोजना से लाखों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा, जबकि क्षेत्र में औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को देश के सबसे आधुनिक और अत्याधुनिक हवाई अड्डों में शामिल करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।