NEET UG 2026: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 परीक्षा को अधिक छात्र-अनुकूल बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण बदलावों की घोषणा की है। एजेंसी द्वारा जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार, इस वर्ष मेडिकल प्रवेश परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी और उम्मीदवारों को पहले की तुलना में अधिक समय मिलेगा। अब तक NEET UG परीक्षा की अवधि 180 मिनट होती थी, लेकिन छात्रों से मिले फीडबैक और परीक्षा संचालन के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए इसे बढ़ाकर 195 मिनट कर दिया गया है। परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होगी और शाम 5:15 बजे समाप्त होगी। NTA का कहना है कि अतिरिक्त समय का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उपस्थिति पत्रक पर हस्ताक्षर, सत्यापन और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण अभ्यर्थियों का वास्तविक परीक्षा समय प्रभावित न हो।
NEET UG 2026 में रफ वर्क को लेकर भी बड़ा बदलाव किया गया है। पहले प्रश्न पुस्तिका में केवल दो रफ वर्क पेज दिए जाते थे, लेकिन अब छात्रों को कुल चार पेज उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे गणना आधारित प्रश्नों, डायग्राम और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए अधिक स्थान मिलेगा। NTA ने प्रश्न पुस्तिका के डिजाइन में भी संशोधन किया है। पहले सभी रफ वर्क पेज पुस्तिका के अंत में दिए जाते थे, जिससे कई अभ्यर्थियों, विशेषकर बाएं हाथ से लिखने वाले छात्रों को परेशानी होती थी। अब दो रफ वर्क पेज प्रश्न पुस्तिका की शुरुआत में और दो पेज अंत में दिए जाएंगे। यह नई व्यवस्था अंग्रेजी सहित सभी क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध प्रश्न पुस्तिकाओं पर लागू होगी। एजेंसी का मानना है कि यह बदलाव छात्रों के परीक्षा अनुभव को अधिक सहज और सुविधाजनक बनाएगा।
NTA ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा प्रक्रिया को सरल और छात्र-केंद्रित बनाने के लिए ये बदलाव किए गए हैं, लेकिन परीक्षा की सुरक्षा, पारदर्शिता और निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे एडमिट कार्ड और सूचना बुलेटिन में दिए गए सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें तथा परीक्षा केंद्र पर मौजूद अधिकारियों के साथ सहयोग करें। NEET UG 2026 में हुए ये बदलाव लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर माने जा रहे हैं, क्योंकि इससे उन्हें परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन और रफ वर्क करने में पहले से अधिक सुविधा मिलेगी।