Mallikarjun Kharge
Mallikarjun Kharge: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज को लेकर संसद के दोनों सदनों में गतिरोध लगातार बना हुआ है। लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष इस मुद्दे पर चर्चा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग कर रहा है। इसी बीच राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि राज्यसभा के सभापति ने संसदीय कार्य मंत्री को यह संदेश दिया है कि सदन के सभी सदस्य चाहते हैं कि गृह मंत्री सदन में आकर इस पूरे मामले पर अपनी बात रखें। विपक्ष का कहना है कि छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर सरकार को जवाब देना चाहिए।
छात्रों पर बर्बर कार्रवाई हुई, हम चर्चा चाहते हैं-खरगे
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि पिछले 15 दिनों से विपक्ष लगातार छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई पर चर्चा की मांग कर रहा है। उनके अनुसार छात्रों पर लाठीचार्ज, पेलेट गन, आंसू गैस के गोले और शॉक बैटन जैसे साधनों का इस्तेमाल किया गया, जो बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के खिलाफ जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग किया गया और इस पूरे घटनाक्रम पर सरकार चुप्पी साधे हुए है। खरगे ने कहा कि विपक्ष केवल यह जानना चाहता है कि आखिर इस कार्रवाई का आदेश किसने दिया और इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।
खरगे की दो बड़ी मांगें- अमित शाह दें जवाब, PM मोदी मांगें माफी
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष की केवल दो प्रमुख मांगें हैं। पहली, गृह मंत्री अमित शाह संसद में आकर इस पूरे मामले पर जवाब दें और दूसरी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों और उनके अभिभावकों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। खरगे ने कहा कि विपक्ष संसद नहीं चलने देना नहीं चाहता, बल्कि सरकार से जवाबदेही चाहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि गृह मंत्री सदन से अनुपस्थित हैं और प्रधानमंत्री भी इस मुद्दे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं। उनके मुताबिक सरकार का यही रवैया संसद में जारी गतिरोध की सबसे बड़ी वजह है।
सरकार के अहंकार की वजह से नहीं चल रहा सदन
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि विपक्ष ने पूरी गंभीरता के साथ यह मुद्दा सदन में उठाया और सभापति से भी मुलाकात कर अपनी मांग रखी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस विषय पर चर्चा के लिए तैयार हो जाए और गृह मंत्री सदन में बयान दें तो संसद की कार्यवाही सामान्य रूप से चल सकती है। खरगे ने आरोप लगाया कि सरकार जवाब देने से बच रही है और इसी कारण संसद की कार्यवाही बार-बार बाधित हो रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार की जिम्मेदारी है कि वह विपक्ष के सवालों का जवाब दे और जनता के सामने अपनी स्थिति स्पष्ट करे।
झारखंड पेपर लीक पर भी बोले खरगे
मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने बयान में झारखंड पेपर लीक मामले का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के साथ खड़ी है, चाहे मामला झारखंड का हो या देश के किसी अन्य राज्य का। उन्होंने कहा कि जहां भी छात्रों के साथ अन्याय होगा या परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ी होगी, कांग्रेस उसकी आवाज उठाएगी। खरगे ने दोहराया कि छात्रों के अधिकारों की रक्षा करना विपक्ष की प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से संसद में सरकार से जवाब मांगा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस पूरे मामले पर स्पष्ट बयान देकर छात्रों और देश की जनता की चिंताओं का समाधान करना चाहिए।