KKK 15
रोहित शेट्टी के लोकप्रिय स्टंट रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ को ऑन एयर हुए तीन हफ्ते हो चुके हैं और शो लगातार दर्शकों के बीच चर्चा में बना हुआ है। खतरनाक स्टंट्स, कंटेस्टेंट्स की नोकझोंक और एलिमिनेशन ट्विस्ट फैंस को खूब पसंद आ रहे हैं। पहले हफ्ते शगुन शर्मा एलिमिनेट होने वाली थीं, लेकिन रोहित शेट्टी ने ‘नो एलिमिनेशन’ का ऐलान कर उन्हें बचा लिया। इसके बाद विशाल सिंह शो से बाहर हुए, हालांकि बाद में उनकी वापसी ने दर्शकों को चौंका दिया।
फरहाना भट्ट की टीम में पहुंचीं अविका गौर
इस हफ्ते शो में कंटेस्टेंट्स की टीमों में बड़ा बदलाव देखने को मिला। पुराने बैच के कुछ खिलाड़ियों को नए बैच में और नए बैच के कंटेस्टेंट्स को पुराने बैच में भेजा गया। एक टास्क के दौरान अविका गौर को फरहाना भट्ट की टीम में शामिल किया गया। वोटिंग के दौरान फरहाना ने अपनी टीम में रुबीना को शामिल करने की इच्छा जताई थी, लेकिन बाकी कंटेस्टेंट्स के वोट्स के बाद अविका को उनकी टीम में भेज दिया गया।
अविका के रिएक्शन से हैरान हुए कंटेस्टेंट्स
टीम में आने के बाद फरहाना भट्ट ने अविका गौर का स्वागत किया, लेकिन अविका का जवाब देखकर सभी हैरान रह गए। अविका ने नाराजगी भरे अंदाज में कहा कि आप ऐसा मत बोलिए, क्योंकि आप तो चाहती ही नहीं थीं कि मैं आपकी टीम में आऊं। अविका के इस रिएक्शन पर बाकी कंटेस्टेंट्स के साथ-साथ दर्शकों ने भी प्रतिक्रिया दी। सोशल मीडिया पर दोनों के बीच हुई इस बातचीत को लेकर खूब चर्चा शुरू हो गई।
अविका गौर ने इंस्टाग्राम पर फरहाना से मांगी माफी
अब अविका गौर ने अपने व्यवहार को लेकर फरहाना भट्ट से माफी मांगी है। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि उन्हें अपना बर्ताव पसंद नहीं आया और टीम को लेकर नाराज होकर फरहाना पर रिएक्शन निकालना गलत था। अविका ने फरहाना को टैग करते हुए उनसे माफी मांगी। इस पर फरहाना ने भी उनकी स्टोरी को शेयर किया और साफ कहा कि वह उनसे नाराज नहीं हैं और इस बात को भूल जाना चाहिए। दोनों के इस अंदाज को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।
KKK 15 से अविका गौर का सफर खत्म
इसी बीच 16 अगस्त को अविका गौर का ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ का सफर खत्म हो गया। एलिमिनेशन राउंड में अविका और ऑरी बॉटम-2 में पहुंचे थे। दोनों के बीच हुए एलिमिनेशन टास्क में ऑरी ने कम समय में स्टंट पूरा कर लिया और सेफ हो गए। वहीं अविका गौर को शो से बाहर होना पड़ा। उनके एलिमिनेशन से फैंस जरूर निराश हैं, लेकिन फरहाना भट्ट से माफी मांगकर अविका ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर ली हैं।