RRB NTPC UG Recruitment 2026: 12वीं पास के लिए रेलवे में 1,688 पदों पर भर्ती, 15 अक्तूबर से आवेदन
RRB NTPC UG Recruitment 2026
RRB NTPC UG Recruitment 2026: रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (NTPC) अंडर ग्रेजुएट पदों पर भर्ती के लिए सांकेतिक अधिसूचना जारी कर दी है। सीईएन संख्या 07/2026 के तहत जारी इस भर्ती में 12वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 अक्तूबर 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 13 नवंबर 2026 रात 11:59 बजे तक फॉर्म भर सकेंगे। इस भर्ती के जरिए रेलवे में कुल 1,688 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
1,688 पदों पर होगी भर्ती
RRB NTPC UG Recruitment 2026 के तहत पे लेवल-2 और लेवल-3 के विभिन्न पदों को भरा जाएगा। इनमें ट्रेन क्लर्क के 188 पद, कमर्शियल कम टिकट क्लर्क के 700 पद, अकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट के 200 पद और जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के 600 पद शामिल हैं। इस तरह कुल 1,688 रिक्तियां निर्धारित की गई हैं। इच्छुक उम्मीदवार आवेदन शुरू होने के बाद आधिकारिक आवेदन पोर्टल के माध्यम से फॉर्म भर सकेंगे।
12वीं पास होना जरूरी
इस भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं कक्षा पास होना जरूरी है। आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है और आयु की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए आधार प्रमाणीकरण भी जरूरी होगा। आधार में दर्ज जरूरी जानकारी, फोटो और बायोमेट्रिक विवरण का 10वीं के प्रमाणपत्र में दर्ज जानकारी से मेल खाना चाहिए।
पांच चरणों में होगा चयन
RRB NTPC UG Recruitment 2026 की चयन प्रक्रिया पांच चरणों में पूरी होगी। इसमें कंप्यूटर आधारित परीक्षा-1 (CBT-1), कंप्यूटर आधारित परीक्षा-2 (CBT-2), जहां लागू हो वहां कंप्यूटर आधारित टाइपिंग स्किल टेस्ट, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षा शामिल हैं। टाइपिंग स्किल टेस्ट केवल उन पदों के लिए होगा, जिनमें इसकी आवश्यकता निर्धारित की गई है। आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए शुल्क 500 रुपये, जबकि एससी, एसटी, दिव्यांग, पूर्व सैनिक, महिला, ट्रांसजेंडर, अल्पसंख्यक और ईबीसी उम्मीदवारों के लिए 250 रुपये निर्धारित है।
ऐसे भर सकेंगे ऑनलाइन फॉर्म
RRB NTPC UG Recruitment 2026 के लिए उम्मीदवार rrbapply.gov.in के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के दौरान पहले रजिस्ट्रेशन पूरा करना होगा, जिसके लिए सक्रिय मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और आधार प्रमाणीकरण से जुड़ी जानकारी की जरूरत होगी। इसके बाद लॉगिन करके शैक्षणिक योग्यता, श्रेणी, पदों की पसंद और परीक्षा की भाषा से संबंधित जानकारी भरनी होगी। फिर श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क जमा कर फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने होंगे। आवेदन जमा करने के बाद उम्मीदवारों को भविष्य के लिए आवेदन की जानकारी सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
