October 1, 2026

Abstar News

Latest News, Breaking News & Updates

कैप्टन स्मित मच्छार: चाकू  के हमले के बाद 174 यात्रियों की जान कैसे बचाई

कैप्टन स्मित मच्छार

कैप्टन स्मित मच्छार

दुबई से इस्राइल जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ओमानी को-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद विमान तेजी से नीचे आया और यात्रियों में अफरातफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने का फैसला लिया। इसके बाद यात्रियों और क्रू ने हमलावर को काबू किया और विमान में सवार 174 लोग सुरक्षित बच सके।

कैप्टन स्मित मच्छार पर अचानक हुआ चाकू से हमला

फ्लाइट में करीब दो घंटे तक सब सामान्य था, लेकिन अचानक ओमानी को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला कर दिया और विमान के सिस्टम को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। घटना के दौरान विमान 30 सेकंड से भी कम समय में करीब 14,000 से 17,000 फीट नीचे आ गया, जिससे यात्री हवा में उछलने लगे। विमान में 174 यात्री और क्रू मौजूद थे, जिनमें 27 बच्चे भी शामिल थे। शुरुआती जांच के अनुसार, हमलावर का इरादा विमान को हाईजैक कर क्रैश कराने का था।

खून से लथपथ कैप्टन स्मित मच्छार ने खोला कॉकपिट का दरवाजा

हमले में कैप्टन स्मित मच्छार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। विमान में मौजूद डॉक्टर के मुताबिक उनके सिर और हाथों से भारी खून बह रहा था। इसके बावजूद कैप्टन होश में थे और बात कर रहे थे। इसी हालत में उन्होंने कॉकपिट के दरवाजे की रिलीज का बटन दबाया और दरवाजा खोल दिया। इसके बाद यात्रियों और क्रू को अंदर पहुंचने का मौका मिला और हमलावर को काबू करने की कोशिश शुरू हुई।

तीन इस्राइली यात्रियों ने हमलावर को कैसे काबू किया?

कॉकपिट का दरवाजा खुलने के बाद तीन इस्राइली यात्री अंदर पहुंचे और हमलावर को पकड़ने की कोशिश की। यात्रियों के मुताबिक हमलावर को काबू करने में करीब 20 से 25 मिनट लगे। इस दौरान एक यात्री ने विमान को संभालने की कोशिश की, जबकि अन्य यात्रियों ने हमलावर को बांधकर नियंत्रित किया। कैप्टन स्मित मच्छार ने भी यात्रियों से हमलावर को खुद नुकसान न पहुंचाने और अधिकारियों को कार्रवाई करने देने की बात कही।

दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने कराई सुरक्षित लैंडिंग

हमलावर के काबू में आने के बाद विमान में मौजूद दो ऑफ-ड्यूटी पायलट कॉकपिट में पहुंचे। उन्होंने विमान को सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित उतारा। इस घटना में विमान में सवार 174 यात्री और क्रू के सभी सदस्य सुरक्षित रहे। कैप्टन स्मित मच्छार के पास करीब 13 साल का कमर्शियल एविएशन अनुभव बताया गया है। 2022 में वह फ्लाईदुबई से जुड़े थे। उनकी सूझबूझ और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उठाए गए कदम की दुनियाभर में चर्चा हुई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कैप्टन स्मित की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.