October 2, 2026

Abstar News

Latest News, Breaking News & Updates

कैप्टन स्मित माछर से पीएम मोदी की फोन पर बातचीत, बोले- देश आपके स्वागत के लिए तैयार

कैप्टन स्मित माछर

कैप्टन स्मित माछर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को फ्लाई दुबई के कैप्टन स्मित माछर से फोन पर बातचीत की। इस दौरान पीएम मोदी ने कैप्टन स्मित माछर की हिम्मत और सूझबूझ की तारीफ करते हुए कहा कि पूरा देश उनके स्वागत के लिए तैयार है। बातचीत का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कैप्टन स्मित माछर ने उड़ान के दौरान हुए हमले और उसके बाद सामने आई मुश्किल परिस्थितियों के बारे में पीएम मोदी को बताया।

कैप्टन स्मित माछर ने बताया, कैसे बचाई लोगों की जान

पीएम मोदी से बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित माछर ने बताया कि जब को-पायलट ने उन पर हमला किया, तब वह गिर चुके थे और विमान नीचे की तरफ आ रहा था। उन्होंने कहा कि उन्हें पता था कि यह बेहद अहम पल है और अगर उन्होंने कुछ नहीं किया तो हालात और बिगड़ सकते थे। स्मित माछर ने कहा कि वह करीब 17 साल से विमान उड़ा रहे हैं और उस मुश्किल वक्त में उन्हें लगा कि उन्हें हर हाल में उठना होगा। उन्होंने यह भी बताया कि मुश्किल हालात में वह हनुमान चालीसा पढ़ रहे थे और इसे वह हमेशा पढ़ते हैं।

कैप्टन स्मित माछर भावुक हुए, पीएम मोदी ने बढ़ाया हौसला

पीएम मोदी से बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित माछर भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि प्रधानमंत्री से उनकी बातचीत होगी और पीएम का फोन उनके लिए हौसला बढ़ाने वाला है। इसके जवाब में पीएम मोदी ने कहा कि अगर उनके सामने स्मित भावुक नहीं होंगे तो कहां होंगे। पीएम मोदी ने उनकी मां और पत्नी की भी तारीफ की और कहा कि पूरे देश का नाम उन्होंने रोशन किया है। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि लोग उनके लिए दुआएं और प्रार्थनाएं कर रहे हैं।

पीएम मोदी बोले- देश आपके स्वागत के लिए तैयार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित माछर के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि देश उनके स्वागत के लिए तैयार है और जब भी जरूरत हो, सरकार फोन पर उपलब्ध है। पीएम मोदी ने सऊदी सरकार का आभार जताते हुए कहा कि कैप्टन स्मित माछर ने धैर्य और सूझबूझ से बेहद कम समय में फैसला लिया और कई लोगों की जान बचाई। उन्होंने कहा कि भारतीय जान लेने वाले नहीं, जान देने वाले हैं।

फ्लाई दुबई की उड़ान में चाकूबाजी के बाद हुई इमरजेंसी लैंडिंग

बता दें कि दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाई दुबई की उड़ान FZ1073 ने 30 सितंबर को इमरजेंसी मैसेज भेजा था। इसके बाद विमान 34 हजार फुट की ऊंचाई से तेजी से नीचे आया और 17 हजार फुट से अधिक की ऊंचाई पर पहुंच गया। विमान की इमरजेंसी लैंडिंग सऊदी अरब के तबूक शहर स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्देल अजीज हवाईअड्डे पर कराई गई। विमान में 27 बच्चों समेत 174 यात्री सवार थे। यात्रियों के मुताबिक, कैप्टन स्मित माछर पर को-पायलट ने चाकू से हमला किया था। एक इजराइली यात्री ने बताया कि यात्रियों और चालक दल के एक सदस्य ने कॉकपिट में पहुंचकर हमलावर पायलट को काबू किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.