बॉलीवुड की शानदार डांसर नोरा फतेही एक बार फिर अपने नए गाने को लेकर सुर्खियों में हैं। उनका लेटेस्ट सॉन्ग सरके चुनर तेरी सरके रिलीज होते ही चर्चा का विषय बन गया है, लेकिन इस बार वजह उनके डांस मूव्स नहीं बल्कि गाने के बोल हैं।
यह गाना अपकमिंग फिल्म केडी: द डेविल का हिस्सा है, जिसमें नोरा के साथ संजय दत्त भी नजर आ रहे हैं। 15 मार्च को रिलीज हुए इस गाने का क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद इसके लिरिक्स को लेकर विवाद शुरू हो गया।
लिरिक्स पर उठे सवाल
सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि गाने के बोल बेहद अश्लील और डबल मीनिंग वाले हैं, जिन्हें परिवार के साथ बैठकर देखना या सुनना मुश्किल है। कई लोगों ने सवाल उठाया कि ऐसे गाने मेनस्ट्रीम प्लेटफॉर्म पर कैसे रिलीज हो जाते हैं।
इस विवाद पर बॉलीवुड सिंगर अरमान मलिक ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने गाने की आलोचना करते हुए कहा कि कमर्शियल सॉन्ग राइटिंग का स्तर काफी गिर चुका है।
अन्य लोगों ने भी जताई नाराजगी
नेशनल ह्यूमर राइट्स कमीशन के सदस्य प्रियांक कानूनगो ने भी इस गाने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सेंसर बोर्ड पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह के कंटेंट को अनुमति देना चिंताजनक है।
गाने में नोरा का लहंगा-चोली लुक काफी पसंद किया जा रहा है, लेकिन विवादित लिरिक्स ने पूरे गाने की चर्चा को एक अलग दिशा दे दी है। इस गाने को मंगली ने गाया है, जबकि इसके बोल रकीब आलम ने लिखे हैं और म्यूजिक अर्जुन जन्या ने दिया है।
यूट्यूब से हटाया गया गाना
लगातार बढ़ते विरोध के बीच इस गाने को YouTube पर प्राइवेट कर दिया गया है। हालांकि, अब देखना होगा कि मेकर्स इस विवाद पर क्या कदम उठाते हैं।
