केरल विधानसभा चुनाव परिणाम आए एक सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन राज्य में मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस अब तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी है। लगातार जारी देरी और आंतरिक मतभेदों के बीच पार्टी आलाकमान ने अब सक्रियता बढ़ा दी है। कांग्रेस नेतृत्व ने केरल के कई वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली बुलाया है, ताकि अंतिम सहमति बनाई जा सके। सूत्रों के अनुसार, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों सहित कई वरिष्ठ नेताओं से सीधे संपर्क साधा गया है। के. सुधाकरन के आज रात दिल्ली पहुंचने की संभावना है, जबकि के. मुरलीधरन और मुल्लापल्ली रामचंद्रन से भी बातचीत की गई है।
खरगे के आवास पर बैठकें, नामों पर अब भी नहीं बनी सहमति
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष Mallikarjun Kharge के आवास पर हुई अहम बैठकों में करीब तीन घंटे तक विचार-विमर्श चला, लेकिन मुख्यमंत्री पद के चेहरे पर अंतिम सहमति नहीं बन सकी। बैठक में केरल के संभावित दावेदारों जैसे रमेश चेन्निथला, KC Venugopal, और वी. डी. सतीशन के नामों पर चर्चा हुई। हालांकि, गुटीय संतुलन और संगठनात्मक समीकरणों के चलते निर्णय टाल दिया गया। पार्टी के भीतर यह भी माना जा रहा है कि हर धड़े को साधने की कोशिश के कारण फैसला और जटिल होता जा रहा है। इस पूरी प्रक्रिया में Rahul Gandhi की भूमिका पर भी निगाहें टिकी हुई हैं, जो केरल से गहरा जुड़ाव रखते हैं।
केरल कांग्रेस में गुटबाजी पर विराम की कोशिश, आज हो सकता है फैसला
केरल कांग्रेस में जारी अंदरूनी खींचतान के बीच पार्टी की राज्य प्रभारी डीप्ता दासमुंशी ने भी कई नेताओं से बातचीत तेज कर दी है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि हाईकमान अब जल्द ही अंतिम निर्णय लेकर स्थिति स्पष्ट कर सकता है। केरल में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रहा यह सस्पेंस अब कांग्रेस की एकता और नेतृत्व क्षमता की परीक्षा बन गया है। सूत्रों का दावा है कि सभी वरिष्ठ नेताओं को एकजुट कर अंतिम नाम पर सहमति बनाने की कोशिश की जा रही है, और आज शाम तक किसी बड़े ऐलान की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।