Independence Day: स्वतंत्रता दिवस 2026 के जश्न से पहले राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। खासतौर पर ऐतिहासिक लाल किले और उसके आसपास के इलाकों में बहुस्तरीय एंटी-टेरर रिस्पॉन्स प्लान लागू किया गया है। प्रधानमंत्री के लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करने के दौरान बड़ी संख्या में वीवीआईपी और आम लोगों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह अलर्ट हैं। उत्तरी दिल्ली के डीसीपी राजा बांठिया के मुताबिक, पिछले साल सामने आई कुछ अप्रिय घटनाओं को ध्यान में रखते हुए इस बार सुरक्षा इंतजाम पहले से कहीं ज्यादा कड़े और व्यापक किए गए हैं।
Independence Day: जाने क्या है सुरक्षा व्यवस्था में खास
सुरक्षा व्यवस्था की सबसे बड़ी खासियत 1000 से ज्यादा हाईटेक AI-सक्षम CCTV कैमरे हैं। इन कैमरों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और वीडियो एनालिटिक्स तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे भीड़ के बीच संदिग्ध गतिविधियों, लावारिस वस्तुओं या संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान तेजी से की जा सकेगी। कैमरों से मिलने वाले इनपुट पर कंट्रोल रूम से लगातार नजर रखी जाएगी और जरूरत पड़ने पर पुलिस तुरंत कार्रवाई कर सकेगी। इसके अलावा सुरक्षा एजेंसियों ने कई मॉक ड्रिल भी की हैं, ताकि किसी आपात स्थिति में अलग-अलग एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके। संबंधित विभागों और हितधारकों के साथ पहले से समन्वय भी स्थापित किया गया है।
इन सुरक्षाओं के बीच मनाया जाएगा स्वतंत्रा दिवस
जानकारी के लिए बता दे कि Independence Day के मौके पर लाल किले की सुरक्षा के इस बहुस्तरीय सुरक्षा चक्र में स्नाइपर्स, पैरामिलिट्री फोर्स और दिल्ली पुलिस के सशस्त्र जवानों की तैनाती रहेगी। संवेदनशील इलाकों में चप्पे-चप्पे पर निगरानी के साथ सुरक्षा जांच को भी सख्त किया गया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ-साथ आम लोगों को कम से कम असुविधा हो, इसका भी ध्यान रखा जा रहा है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा बलों का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। यानी इस बार लाल किले पर AI की नजर, स्नाइपर्स की निगरानी और जवानों के सुरक्षा घेरे के बीच आजादी का जश्न मनाया जाएगा।