Maharashtra FDA Action
Maharashtra FDA Action: महाराष्ट्र के अन्न एवं औषध प्रशासन यानी FDA ने खाद्य पदार्थों की ऑनलाइन बिक्री और डिलीवरी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ राज्यभर में बड़ा अभियान चलाया है। 13 अगस्त को चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान Blinkit, Zepto और Instamart समेत कुल 86 प्रतिष्ठानों की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए FDA ने 60 सुधार नोटिस जारी किए, जबकि 14 फूड बिजनेस लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए। इसके अलावा एक प्रतिष्ठान की व्यावसायिक गतिविधियां अस्थायी रूप से बंद करने के निर्देश भी दिए गए।
Zepto के 5 और Instamart के 2 लाइसेंस सस्पेंड
FDA की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, निलंबित किए गए 14 लाइसेंसों में Blinkit के 5, Zepto के 5 और Instamart के 2 लाइसेंस शामिल हैं। इसके अलावा Bhagwati Store और Swinsta ENT Private Limited के एक-एक लाइसेंस पर भी कार्रवाई की गई। FDA ने स्पष्ट किया कि इस अभियान के दौरान किसी भी प्रतिष्ठान का लाइसेंस रद्द नहीं किया गया है। हालांकि, गंभीर कमियों को देखते हुए लाइसेंस निलंबित कर संबंधित प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुंबई की जांच में साफ-सफाई और स्टोरेज से जुड़ी गंभीर खामियां
मुंबई में की गई जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों को उचित तापमान पर स्टोर न करने, साफ-सफाई की कमी, कीट नियंत्रण में लापरवाही और खाद्य एवं गैर-खाद्य वस्तुओं को अलग-अलग न रखने जैसी गंभीर खामियां मिलीं। कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता को लेकर भी कई जगह नियमों का पालन नहीं पाया गया। Zepto के लोखंडवाला सेंटर में खाद्य पदार्थों, गैर-खाद्य सामग्री और केमिकल्स का उचित तरीके से अलग-अलग भंडारण नहीं मिला। इसके साथ ही तापमान के प्रति संवेदनशील खाद्य सामग्री के लिए पर्याप्त temperature control व्यवस्था में भी कमियां सामने आईं।
गलत तापमान पर रखा गया था खाद्य उत्पाद
FDA की जांच के दौरान एक प्रतिष्ठान में Expired Zorabian Chicken Curry Cut भी मिला। इस उत्पाद की एक्सपायरी डेट 12 अगस्त 2026 थी, जबकि जांच के दौरान इसे करीब 8 डिग्री सेल्सियस तापमान पर रखा गया था। नियमों के अनुसार इसे 0 से 4 डिग्री सेल्सियस के बीच रखा जाना जरूरी था। खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को देखते हुए इस उत्पाद को मौके पर ही discard कर दिया गया। पुणे, नासिक, छत्रपति संभाजीनगर, नागपुर समेत कई अन्य क्षेत्रों में भी जांच अभियान चलाकर कार्रवाई की गई।
12 से 13 अगस्त तक 1,270 किलो से ज्यादा खाद्य सामग्री जब्त
FDA की कार्रवाई सिर्फ ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म तक सीमित नहीं रही। 12 और 13 अगस्त के दौरान राज्यभर में अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 1,270.6 किलो खाद्य सामग्री, जिसकी कीमत लगभग 1.30 लाख रुपये बताई गई, जब्त की गई। प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के मामलों में अलग-अलग विभागों द्वारा FIR दर्ज कर गिरफ्तारियां भी की गईं। FDA ने कहा है कि लोगों तक सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य सामग्री पहुंचाने के लिए विशेष जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।