Kashmir Independence Day 2026
Kashmir Independence Day 2026: कश्मीर में कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को कथित ऑनलाइन आतंकी धमकियां मिलने के बीच स्वतंत्रता दिवस समारोह में भागीदारी को लेकर चिंता बढ़ गई है। कश्मीर के डिविजनल प्रशासन ने सरकार समेत सभी लोगों से 15 अगस्त को अपने-अपने जिला मुख्यालयों पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने की अपील की है। सरकार पहले ही सर्कुलर जारी कर सरकारी कर्मचारियों के लिए राष्ट्रीय कार्यक्रम में शामिल होना अनिवार्य बता चुकी है। इस निर्देश को कर्मचारियों की आधिकारिक ड्यूटी का हिस्सा माना गया है, लेकिन सुरक्षा संबंधी आशंकाओं के चलते प्रधानमंत्री पैकेज के तहत नियुक्त कई कश्मीरी पंडित कर्मचारियों में घबराहट देखी जा रही है।
7 और 11 अगस्त की धमकियों के बाद
जानकारी के मुताबिक, 7 और 11 अगस्त को ‘ULF’ नाम के एक कम ज्ञात आतंकी संगठन की ओर से ऑनलाइन धमकियां सामने आने के बाद कई कश्मीरी पंडित कर्मचारी सुरक्षा को लेकर चिंतित थे। संगठन के लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े होने की आशंका जताई गई है। धमकियों के बाद प्रधानमंत्री पैकेज के तहत नियुक्त कुछ कर्मचारियों को सुरक्षा कारणों से मौखिक रूप से घर से काम करने की सलाह दिए जाने की बात भी सामने आई। हालांकि, इस संबंध में किसी औपचारिक लिखित आदेश को लेकर अब प्रशासन और कर्मचारियों के बीच स्थिति स्पष्ट नहीं होने से सवाल उठ रहे हैं।
घर से काम के आदेश से किया इनकार
कश्मीर के डिविजनल कमिश्नर अंशुल गर्ग ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री पैकेज वाले कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहने वाला कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे केवल सरकार और प्रशासन के आधिकारिक चैनलों से जारी जानकारी पर भरोसा करें। गर्ग ने किसी भी लिखित या मौखिक निर्देश को लेकर सामने आ रही अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले कर्मचारियों और आम जनता की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
विरोधाभासी निर्देशों पर सवाल
मामले में कई कश्मीरी पंडित नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के बयानों पर सवाल उठाए हैं। राजनीतिक कार्यकर्ता राकेश हंडू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर उपराज्यपाल कार्यालय से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उनका कहना है कि धमकियों की खबरों के बीच पहले घर से काम करने की बात सामने आई, जबकि दूसरी ओर सामान्य प्रशासन विभाग यानी GAD के सर्कुलर में श्रीनगर और जम्मू में तैनात सरकारी कर्मचारियों के लिए 15 अगस्त के मुख्य समारोह में शामिल होना अनिवार्य बताया गया। ऐसे में कर्मचारियों ने स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है।
बख्शी स्टेडियम में सुरक्षा कड़ी
श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन ने निवासियों को समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया है, जहां मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सुबह 10 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और लोगों को संबोधित करेंगे। इससे पहले स्टेडियम में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई, जिसमें परेड टुकड़ियों और सांस्कृतिक समूहों ने हिस्सा लिया। सुरक्षा एजेंसियों ने करीब 20 दिनों की तैयारियों के बाद समारोह की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की है, ताकि 15 अगस्त का कार्यक्रम सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न हो सके।