Delhi Weather
Delhi Weather : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में शुक्रवार को बारिश और दिनभर छाए बादलों के कारण मौसम सुहावना बना रहा। अब 15 अगस्त 2026 को 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान भी लाल किला क्षेत्र में बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और तड़के से लेकर दिन के अलग-अलग समय में बारिश हो सकती है। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा और अन्य तैयारियों के बीच मौसम पर भी सभी की नजर बनी हुई है।
सुबह 4 से 6 बजे तक 70 फीसदी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, लाल किला क्षेत्र में 15 अगस्त की सुबह 4 बजे से 6 बजे के बीच करीब 5 मिलीमीटर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की 70 प्रतिशत संभावना है। इसके बाद सुबह 6 बजे से 9 बजे के बीच भी करीब 5 मिलीमीटर बारिश होने की 60 प्रतिशत संभावना जताई गई है। वहीं दोपहर से शाम के बीच करीब 3 मिलीमीटर बारिश हो सकती है, जिसकी संभावना 60 प्रतिशत बताई गई है। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस के दिन दिल्लीवासियों को रुक-रुककर बारिश और बादलों वाला मौसम देखने को मिल सकता है।
दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून टर्फ के उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की उम्मीद है। इसके साथ ही 15 अगस्त के आसपास दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने का अनुमान है। मानसून टर्फ के दिल्ली-NCR समेत भारत-गंगा के मैदानी इलाकों से होकर गुजरने की संभावना के कारण राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सुबह के बाद भी कुछ इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
लाल किले पर अधिकतम तापमान
आईएमडी के अनुमान के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस पर लाल किला क्षेत्र में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। शुक्रवार को दिल्ली के अलग-अलग मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। पालम में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री, लोधी रोड में 30.4 डिग्री, रिज में 30.1 डिग्री और आयानगर में 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पिछले 24 घंटे में कई इलाकों में हुई अच्छी बारिश
दिल्ली में शाम साढ़े पांच बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। सफदरजंग में 20.2 मिलीमीटर, पालम में 12.6 मिलीमीटर, लोधी रोड में 6.4 मिलीमीटर और रिज में 26.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। शुक्रवार को सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शनिवार को भी दिल्ली में बादल छाए रहने और हल्की बारिश का अनुमान जताया है। ऐसे में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले के ऐतिहासिक समारोह में मौसम भी अहम भूमिका निभा सकता है।