Lucknow
Lucknow राजधानी के पारा स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय की छात्राओं का प्रदर्शन चर्चा में है। स्कूल में सुविधाओं की बदहाली और अव्यवस्थाओं से नाराज छात्राएं सोमवार को सड़क पर उतर आईं। इससे पहले शुक्रवार को भी विद्यालय के छात्रों ने समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। सोमवार सुबह छात्राएं स्कूल परिसर से बाहर निकलीं और नारेबाजी करते हुए दुबग्गा बाईपास पहुंचीं। यहां विरोध जताने के बाद छात्राएं जुलूस के रूप में बालागंज चौराहे पहुंचीं और सड़क के बीच बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
बालागंज चौराहे पर सड़क जाम, घंटों प्रभावित रहा यातायात
छात्राओं ने बालागंज चौराहे पर घेरा बनाकर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। छात्राओं की नारेबाजी से पूरा इलाका गूंज उठा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के कारण आम लोगों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारी छात्राओं का आरोप है कि जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की कमी बनी हुई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होने पर उन्हें सड़क पर उतरकर अपनी आवाज उठानी पड़ी।
शिक्षकों की कमी, खराब भोजन और इलाज की समस्या पर नाराजगी
छात्राओं ने स्कूल में शिक्षकों की कमी को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि फिजिक्स और केमिस्ट्री सहित कई महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, जिससे उनकी पढ़ाई और बोर्ड परीक्षा की तैयारी प्रभावित हो रही है। छात्राओं ने विद्यालय में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। इसके अलावा बीमार पड़ने पर समय पर इलाज और उचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने की शिकायत भी सामने आई। छात्राओं ने मांग की कि जल्द से जल्द स्कूल की व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए और पढ़ाई के लिए पर्याप्त शिक्षक नियुक्त किए जाएं।
पुलिस और प्रशासन के आश्वासन के बाद खत्म हुआ धरना
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और मांगों को शासन तक पहुंचाने का भरोसा दिया। पुलिस ने दुबग्गा चौराहे से प्रदर्शन समाप्त कराया, जिसके बाद छात्राएं मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने लगीं। हालांकि, पुलिस ने उन्हें बालागंज चौराहे पर रोककर वापस कर दिया। करीब 10 बजे अधिकारियों के ठोस आश्वासन के बाद छात्राएं शांत हुईं और धरना समाप्त कर दिया, जिसके बाद सड़क पर यातायात सामान्य हो सका।
तीन दिन पहले छात्रों ने भी किया था जोरदार हंगामा
गौरतलब है कि तीन दिन पहले शुक्रवार को भी इसी सर्वोदय विद्यालय के छात्रों ने स्कूल की बदहाली को लेकर पारा इलाके में प्रदर्शन किया था। उस दौरान कन्नौज जा रहे समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण और विभाग के निदेशक अनुराग यादव मौके पर पहुंचे थे। अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर जल्द व्यवस्थाएं सुधारने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद समस्याओं का निस्तारण नहीं होने से नाराज होकर सोमवार को छात्राएं भी सड़क पर उतर आईं। अब Lucknow में यह मामला सुर्खियों में है और स्कूल की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।