IMD Weather Alert: दिल्ली-NCR में बादल, यूपी-MP समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
IMD Weather Alert
देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय है। IMD Weather Alert के मुताबिक 21 अगस्त को मध्य, उत्तर और उत्तर-पूर्व भारत के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र बारिश की प्रमुख वजह है। इसका असर आने वाले कुछ दिनों तक मध्य भारत के मौसम पर दिखाई दे सकता है।
दिल्ली-NCR में 24 अगस्त तक बारिश का दौर
दिल्ली-NCR में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। IMD Weather Alert के अनुसार, 24 अगस्त तक दिल्ली-NCR में बादल छाए रहने और रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तर प्रदेश के 13 जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इटावा, औरैया, कानपुर और कौशांबी समेत आठ जिलों में येलो अलर्ट है, जबकि ललितपुर, झांसी और हमीरपुर समेत कुछ इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
पहाड़ी राज्यों में भी भारी बारिश की चेतावनी
IMD Weather Alert में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ बारिश की गतिविधियों को बढ़ा रहा है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर-पूर्वी असम के ऊपर बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण भी बारिश को बढ़ावा दे रहे हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश के कारण भूस्खलन और सड़क संपर्क प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है।
उत्तर-पूर्व और ओडिशा में भी बारिश का असर
उत्तर-पूर्वी राज्यों के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है। ओडिशा में भी मॉनसून सक्रिय रहने की उम्मीद है और 23 अगस्त के आसपास कुछ क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। IMD Weather Alert के मुताबिक पिछले 24 घंटों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं उत्तराखंड, हरियाणा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, असम, नागालैंड और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई।
बारिश के साथ जलभराव और भूस्खलन का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर, मध्य और उत्तर-पूर्व भारत में बारिश का यह दौर वीकेंड तक जारी रह सकता है। दक्षिणी राज्यों के कुछ हिस्सों में भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। IMD Weather Alert को देखते हुए भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव, स्थानीय बाढ़, भूस्खलन और सड़क-रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में लोगों से मौसम विभाग की चेतावनी पर नजर रखने और जरूरत के मुताबिक सावधानी बरतने की अपील की गई है
