Modi@25 और 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन
Modi@25
Modi@25 : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम की पहली अहम बैठक शनिवार को दिल्ली में होने जा रही है। बीजेपी मुख्यालय के आसपास नई राष्ट्रीय टीम में शामिल पदाधिकारियों के स्वागत में पोस्टर लगाए गए हैं। बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम की बैठक में संगठन को मजबूत करने, जेन-जी से संवाद, सोशल मीडिया रणनीति और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा होने की संभावना है। पार्टी की नजर खास तौर पर 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों पर है।
BJP New National Team का होगा औपचारिक परिचय
शनिवार को होने वाली पहली बैठक सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। इसमें 17 अगस्त को घोषित बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम के सभी पदाधिकारियों का औपचारिक परिचय कराया जाएगा। नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ कई नए चेहरों को भी जिम्मेदारी दी गई है। बैठक में पदाधिकारियों को संगठन की जिम्मेदारियों, पार्टी की प्राथमिकताओं और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही संगठन के स्तर पर बेहतर तालमेल और कामकाज को लेकर दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं।
Modi@25 कार्यक्रम को लेकर BJP की बड़ी तैयारी
दूसरी बैठक में Modi@25 कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तार से मंथन होगा। नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 साल पूरे होने के मौके पर बीजेपी देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी कर रही है। बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा, अभियान की समयसीमा और ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच बनाने की रणनीति पर चर्चा हो सकती है। पार्टी की कोशिश ‘Modi@25’ अभियान के जरिए प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की है।
BJP Election Strategy में Gen-Z पर फोकस
तीसरी और सबसे अहम बैठक शाम छह बजे से प्रस्तावित है। इसमें नितिन नवीन, बीजेपी के राष्ट्रीय पदाधिकारी और सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष शामिल हो सकते हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी बैठक को संबोधित करने की संभावना है। बैठक में जेन-जी, महिला वोटर्स, सोशल मीडिया पर सक्रियता, संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों पर चर्चा हो सकती है। वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव होने हैं। नई टीम में वसुंधरा राजे, राम माधव, तीरथ सिंह रावत और बैजयंत जय पांडा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। ऐसे में बीजेपी की नई टीम की यह बैठक आगामी चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
