The Traitors 2: रिया चक्रवर्ती हुईं शो से बाहर, एविक्शन के बाद बोलीं
The Traitors 2
The Traitors 2 के फिनाले से पहले बॉलीवुड एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती को बड़ा झटका लगा है। लोकप्रिय रियलिटी शो के आठवें एपिसोड में रिया चक्रवर्ती को एविक्ट कर दिया गया। शो में रिया ने बतौर इनोसेंट हिस्सा लिया था, लेकिन वह अपने साथी कंटेस्टेंट्स को यह भरोसा दिलाने में सफल नहीं हो सकीं कि वह ट्रेटर नहीं हैं। ‘सर्किल ऑफ शक’ के दौरान रिया को सबसे ज्यादा वोट मिले, जिसके बाद उन्हें शो से बाहर होना पड़ा। एविक्शन के दौरान वह काफी भावुक नजर आईं।
शो से बाहर होने से पहले कंटेस्टेंट्स के लिए दिया इमोशनल संदेश
The Traitors 2 से बाहर होने से पहले रिया चक्रवर्ती ने अपने साथी कंटेस्टेंट्स के लिए भावुक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शो के दौरान सभी के साथ उनका अच्छा समय बीता और कंटेस्टेंट्स उनके दूसरे परिवार की तरह बन गए। रिया ने क्रिस्टल डिसूजा, साहिल सलाथिया और मल्लिका शेरावत समेत उन लोगों से भी माफी मांगी, जिन पर उन्होंने गेम के दौरान शक जताया था। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक खेल है और उन्हें उम्मीद है कि शो खत्म होने के बाद भी सभी की दोस्ती बनी रहेगी।
‘मैं इनोसेंट हूं, हमेशा थी और हमेशा रहूंगी’
The Traitors 2 के होस्ट करण जौहर ने जब रिया से शो में अपनी पहचान बताने के लिए कहा तो उन्होंने भावुक अंदाज में खुद को इनोसेंट बताया। रिया ने कहा कि यह अनुभव उनके लिए डेजा वू जैसा महसूस हुआ और वह अपने जीवन के नए अध्याय में हैं। उन्होंने साफ कहा कि वह इनोसेंट हैं और हमेशा इनोसेंट रहेंगी। रिया की भावुक प्रतिक्रिया ने शो में मौजूद कई कंटेस्टेंट्स को भी भावुक कर दिया। शो में फिलहाल क्रिस्टल डिसूजा और रिदा थराना ट्रेटर्स के रूप में खेल रही हैं।
पर्सनल लाइफ का जिक्र कर पहले भी हुई थीं भावुक
The Traitors 2 के पांचवें एपिसोड में रिया ने अपनी निजी जिंदगी का जिक्र करते हुए कहा था कि वह ट्रेटर की भूमिका नहीं निभाना चाहतीं। उन्होंने कहा था कि उनकी निजी जिंदगी के अनुभवों के कारण लोग पहले ही उन्हें गलत तरीके से जज कर चुके हैं और वह किसी गेम में जानबूझकर खुद को ट्रेटर के रूप में पेश नहीं करना चाहतीं। रिया ने यह भी कहा था कि वह भीड़ के साथ चलने या आसानी से दूसरों के प्रभाव में आने वालों में से नहीं हैं।
क्या है The Traitors 2 का गेम?
The Traitors 2 में सभी कंटेस्टेंट्स को इनोसेंट्स और ट्रेटर्स के दो ग्रुप में बांटा जाता है। इनोसेंट्स का मकसद छिपे हुए ट्रेटर्स को पहचानकर गेम से बाहर करना होता है, जबकि ट्रेटर्स अपनी असली पहचान छिपाकर बाकी खिलाड़ियों को मात देने की कोशिश करते हैं। जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ता है, कंटेस्टेंट्स के बीच शक बढ़ता जाता है और दोस्ती भी बदलने लगती है। शो का दूसरा सीजन 13 अगस्त को शुरू हुआ था और इसके नए एपिसोड हर गुरुवार रिलीज किए जा रहे हैं।
