Ram Mandir CEO : राम मंदिर ट्रस्ट ने किया पहले सीईओ के नाम का ऐलान
Ram Mandir CEO
Ram Mandir CEO : अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर के पहले मुख्य कार्यपालक अधिकारी यानी CEO के नाम पर अंतिम फैसला कर लिया है। एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को राम मंदिर का पहला सीईओ नियुक्त किया गया है। बुधवार को अयोध्या की मणिरामदास छावनी में ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपालदास की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। बैठक में ट्रस्ट के प्रमुख पदाधिकारी और आमंत्रित सदस्य मौजूद रहे।
भारतीय वायुसेना में करीब चार दशक का अनुभव
एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना में करीब चार दशक तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भाटपाररानी क्षेत्र स्थित भोपतपुरा गांव के रहने वाले मिश्रा ने 6 दिसंबर 1986 को फाइटर पायलट के रूप में भारतीय वायुसेना में कमीशन प्राप्त किया था। अपने लंबे सैन्य करियर में उन्होंने 18 से अधिक प्रकार के विमानों पर उड़ान भरी और 3,000 घंटे से ज्यादा का उड़ान अनुभव हासिल किया।
सैन्य नेतृत्व का अनुभव अब मंदिर प्रबंधन में आएगा काम
एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा कमांडिंग-इन-चीफ के पद पर भी रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने एकीकृत रक्षा स्टाफ में उप प्रमुख (सिद्धांत, संगठन एवं प्रशिक्षण) जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई है। देश के साथ अमेरिका और ब्रिटेन के प्रतिष्ठित रक्षा संस्थानों से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके मिश्रा के पास बड़े संगठनों के संचालन, नेतृत्व और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय का व्यापक अनुभव है।
श्रद्धालु व्यवस्था से सुरक्षा तक बड़ी होंगी जिम्मेदारियां
राम मंदिर अब निर्माण के चरण से आगे बढ़कर व्यवस्थित संचालन और एक बड़े धार्मिक-पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। ऐसे में Ram Mandir CEO के सामने प्रतिदिन आने वाले श्रद्धालुओं की व्यवस्था, सुरक्षा, दर्शन प्रणाली, कर्मचारी प्रबंधन, सुविधाओं के विस्तार और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां होंगी। ट्रस्ट को उम्मीद है कि एयर मार्शल मिश्रा का अनुशासन और प्रशासनिक अनुभव मंदिर प्रबंधन को नई दिशा देगा।
ट्रस्ट में तीन नए सदस्यों की भी घोषणा
ट्रस्ट की बैठक में तीन नए सदस्यों के नामों की भी घोषणा की गई। इनमें अयोध्या के वरिष्ठ अधिवक्ता मदन मोहन पांडेय, दिल्ली के महेश भागचंदका और निर्मला यादव शामिल हैं। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में महंत नृत्यगोपालदास अध्यक्ष, स्वामी गोविंद देव गिरी जी महाराज कोषाध्यक्ष और कृष्ण मोहन अंतरिम महासचिव के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। देवरिया के छोटे से गांव से भारतीय वायुसेना के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचे एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा के लिए अब अयोध्या के राम मंदिर के पहले सीईओ के रूप में एक नया अध्याय शुरू हो गया है।
