September 8, 2026

Abstar News

Latest News, Breaking News & Updates

Murthal Robot Waiter: मुरथल के मशहूर ढाबे में अब रोबोट परोस रहा खाना, ग्राहकों में सेल्फी लेने की लगी होड़

Murthal Robot Waiter

Murthal Robot Waiter

Murthal Robot Waiter: हरियाणा के सोनीपत का मशहूर मुरथल अपने स्वादिष्ट पराठों और देसी ढाबों के लिए देशभर में जाना जाता है। अब मुरथल का एक ढाबा अपने खाने के साथ-साथ नई टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल को लेकर भी चर्चा में है। मुरथल के रेशम ढाबे पर अब ग्राहकों की टेबल तक खाना पहुंचाने का काम इंसान नहीं, बल्कि रोबोट वेटर कर रहा है। रोबोट को खाना लेकर टेबल तक पहुंचते देखकर ग्राहक हैरान नजर आ रहे हैं। कई लोग मोबाइल निकालकर इसका वीडियो बना रहे हैं और रोबोट के साथ सेल्फी भी ले रहे हैं।

ऑर्डर मिलते ही टेबल तक पहुंचता है रोबोट

रेशम ढाबे पर रोबोट वेटर का काम काफी दिलचस्प तरीके से होता है। ग्राहक का ऑर्डर तैयार होने के बाद खाने की ट्रे रोबोट पर रख दी जाती है। इसके बाद नेविगेशन सिस्टम की मदद से रोबोट तय रास्ते पर चलते हुए ग्राहक की टेबल तक पहुंचता है। ढाबा प्रबंधन के मुताबिक रोबोट में सॉफ्टवेयर चिप और रिमोट कंट्रोल का इस्तेमाल किया गया है। इसकी आंखों में लगी एलईडी लाइट और फाइबर से तैयार बाहरी डिजाइन इसे आकर्षक लुक देता है। एक बार चार्ज होने के बाद यह करीब डेढ़ से दो घंटे तक सर्विस दे सकता है।

ग्राहक बना रहे वीडियो, ले रहे सेल्फी

रोबोट वेटर को देखकर ढाबे पर आने वाले ग्राहकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्राहक न सिर्फ रोबोट से खाना मंगवा रहे हैं, बल्कि उसके साथ वीडियो और फोटो भी बना रहे हैं। खास बात यह है कि रोबोट से खाना सर्व कराने के लिए ग्राहकों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जा रहा है। दिल्ली से आए ग्राहक अभिषेक ने बताया कि उन्होंने पहले किसी ढाबे या रेस्टोरेंट में रोबोट को खाना सर्व करते हुए नहीं देखा था। उनके मुताबिक यह अनुभव काफी अलग और हैरान करने वाला रहा।

बेंगलुरु की टीम ने तैयार किया रोबोट

ढाबे के मैनेजर संजय के मुताबिक रोबोट को बेंगलुरु की टीम से तैयार करवाया गया है। इसका उद्देश्य मुरथल आने वाले लोगों को स्वादिष्ट भोजन के साथ नई तकनीक का अनुभव देना है। रोबोट को संचालित करने के लिए एक अलग टीम भी मौजूद रहती है, जो जरूरत पड़ने पर इसे रिमोट से नियंत्रित करती है। मैनेजर के मुताबिक ग्राहकों का रिएक्शन काफी सकारात्मक है। खासकर बच्चे रोबोट को देखकर उत्साहित हो जाते हैं और अपने परिवार के साथ तस्वीरें और वीडियो बनाते हैं।

स्वाद वही, लेकिन सर्विस का अंदाज नया

सोनीपत का मुरथल लंबे समय से अपने देसी पराठों और ढाबों के लिए मशहूर है और यहां दूर-दूर से लोग खाना खाने पहुंचते हैं। अब रेशम ढाबे में रोबोट वेटर की एंट्री ने पारंपरिक ढाबे के अनुभव को टेक्नोलॉजी से जोड़ दिया है। ढाबा प्रबंधन का कहना है कि ग्राहकों को कुछ नया देने की सोच के तहत यह प्रयोग किया गया है। फिलहाल रोबोट से खाना सर्व कराने को लेकर लोगों में काफी उत्सुकता है। यानी मुरथल में पराठों का स्वाद भले ही वही पुराना है, लेकिन उन्हें टेबल तक पहुंचाने का अंदाज अब पूरी तरह आधुनिक हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.