Gaziabad Fire: गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित कनावनी गांव में गुरुवार दोपहर एक भीषण अग्निकांड ने सैकड़ों परिवारों को बेघर कर दिया। करीब 12 बजे लगी इस आग ने देखते ही देखते 500 से अधिक झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। प्रत्यक्षदर्शी आकाश के अनुसार, झुग्गियों के ऊपर से गुजर रही बिजली की तार में हुए शॉर्ट सर्किट से चिंगारी निकली, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया।
Gaziabad Fire: जाने कैसे फैली आग
इस हादसे को और भयावह बनाने में इलाके में मौजूद कबाड़ के गोदामों और गैस सिलिंडरों ने बड़ी भूमिका निभाई। आग लगने के बाद एक के बाद एक कई सिलिंडर फटने लगे, जिससे धमाकों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं, जबकि डीएम और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
इतने लोगों के लापता होने की खबर
सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस अग्निकांड में 8 से 10 बच्चों के लापता होने का दावा किया जा रहा है, हालांकि प्रशासन ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना के समय कई लोग काम पर गए हुए थे और छोटे बच्चे झुग्गियों में ही थे, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। आग के बाद कई परिवार अपने बच्चों की तलाश में भटकते नजर आए। फिलहाल कूलिंग प्रक्रिया के बाद सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
