Bihar Student Protest: पटना में उग्र हुआ छात्र आंदोलन, वाटर कैनन और लाठीचार्ज में छात्र घायल
Bihar Student Protest
Bihar Student Protest: बिहार में प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी भर्तियों से जुड़ी मांगों को लेकर मंगलवार को पटना में छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। BPSC TRE-4 में PT और Mains के बीच नेगेटिव मार्किंग हटाने, 100% डोमिसाइल लागू करने और 70वीं BPSC परीक्षा रद्द करने समेत कई मांगों को लेकर छात्र गांधी मैदान से मार्च पर निकले। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास और राजभवन की ओर बढ़ रहे थे। जेपी गोलंबर के पास पुलिस ने छात्रों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ दिए और आगे बढ़ने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
बैरिकेडिंग तोड़ने के बाद पुलिस ने किया लाठीचार्ज
छात्रों के आगे बढ़ने के बाद पटना में हालात तनावपूर्ण हो गए। प्रदर्शनकारी डाकबंगला चौराहे तक पहुंच गए और प्रतिबंधित क्षेत्र की ओर बढ़ने की कोशिश की। पुलिस ने पहले वाटर कैनन के जरिए भीड़ को पीछे हटाने का प्रयास किया। स्थिति नियंत्रित नहीं होने पर सुरक्षाकर्मियों ने लाठीचार्ज किया। इस दौरान एक छात्र के सिर में चोट लगने और सिर फटने की सूचना सामने आई है। वहीं, एक छात्रा के बेहोश होने की भी जानकारी मिली। 70वीं BPSC परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर राजभवन की ओर बढ़ रहे कुछ छात्रों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की भी सूचना है।
छात्रों की क्या-क्या मांगें हैं?
छात्रों का आंदोलन केवल एक परीक्षा तक सीमित नहीं है। प्रदर्शनकारी TRE-4 में PT और Mains के बीच नेगेटिव मार्किंग हटाने और 100% डोमिसाइल नीति लागू करने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा 70वीं BPSC परीक्षा रद्द करने, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और अभ्यर्थियों की समस्याओं का समाधान करने की मांग भी उठाई जा रही है। छात्रों का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी भर्तियों की प्रक्रिया में स्पष्टता और जवाबदेही होनी चाहिए। इन्हीं मांगों को लेकर छात्र मुख्यमंत्री आवास और राजभवन तक मार्च करना चाहते थे।
शिक्षा मंत्री बोले- छात्रों की मांगों का समाधान हो चुका
प्रदर्शन को लेकर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि जिन मुद्दों को लेकर छात्र धरने पर बैठे थे, सरकार ने उनका समाधान कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं की समस्याओं का समय पर समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं JDU नेता श्रवण कुमार ने कहा कि छात्रों और रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं की समस्याओं को सरकार गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में लगातार सरकारी नियुक्तियां हो रही हैं और युवाओं को धैर्य रखने की जरूरत है।
पटना में सुरक्षा बढ़ी, आंदोलन पर सबकी नजर
छात्रों के मार्च को देखते हुए पटना के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। पुलिस प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों को प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से रोकने की कोशिश की जा रही है। दूसरी ओर, छात्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने पर अड़े हैं। BPSC और TRE-4 को लेकर पटना में शुरू हुआ यह छात्र आंदोलन अब टकराव की स्थिति तक पहुंच गया है। ऐसे में सरकार और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच आगे बातचीत होती है या आंदोलन और तेज होता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
