CDS: भारत सरकार ने देश की सैन्य कमान में बड़ा बदलाव करते हुए लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) एनएस राजा सुब्रमणि को नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया है। वे वर्तमान CDS जनरल अनिल चौहान की जगह 30 मई के बाद आधिकारिक रूप से पदभार संभालेंगे। करीब चार दशक लंबे सैन्य अनुभव के साथ सुब्रमणि को भारत की सुरक्षा रणनीति में पाकिस्तान और चीन से जुड़े मामलों का गहरा विशेषज्ञ माना जाता है। उनकी नियुक्ति को भारत की संयुक्त सैन्य संरचना को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
CDS: यहाँ जाने पूरी खबर
लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि का सैन्य करियर बेहद समृद्ध और रणनीतिक जिम्मेदारियों से भरा रहा है। उन्होंने असम में ऑपरेशन राइनो के तहत आतंकवाद विरोधी अभियानों का नेतृत्व किया, जबकि जम्मू-कश्मीर और उत्तरी सीमाओं पर भी महत्वपूर्ण कमांड संभाली। वे 168 इन्फैंट्री ब्रिगेड, 17 माउंटेन डिवीजन और पश्चिमी मोर्चे पर दो कोर के कमांडर रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने उप सेना प्रमुख (Vice Chief of Army Staff) और सेंट्रल कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ जैसे अहम पदों पर भी काम किया है। वर्तमान में वे राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (NSCS) में सैन्य सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं।
जाने क्या होगी नई जिम्मेदारी
नई भूमिका में CDS के रूप में एनएस राजा सुब्रमणि की सबसे बड़ी जिम्मेदारी भारतीय सेना के थिएटराइजेशन मॉडल को लागू करना होगी, जिसका उद्देश्य थलसेना, नौसेना और वायुसेना के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। इससे देश की सैन्य क्षमता और तेजी से प्रतिक्रिया देने की ताकत बढ़ेगी। उन्हें उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM), अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM), सेना मेडल (SM) और विशिष्ट सेवा मेडल (VSM) से सम्मानित किया जा चुका है। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि उनकी रणनीतिक समझ भारत की भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों को और प्रभावी ढंग से संभालने में मदद करेगी।