TVK Government: तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जहां एक्टर से नेता बने टीवीके प्रमुख थलापति विजय को अब सरकार बनाने के लिए आवश्यक बहुमत हासिल हो गया है। वीसीके (विधुतलाई चिरुथिगल काची) ने आधिकारिक रूप से टीवीके को समर्थन देने की घोषणा कर दी है, जिससे विजय के नेतृत्व वाले गठबंधन के पास अब 234 सदस्यीय विधानसभा में 118 से अधिक विधायकों का समर्थन हो गया है। इससे पहले टीवीके के पास 116 विधायकों का समर्थन था और बहुमत के लिए उन्हें दो और विधायकों की जरूरत थी। वीसीके के शामिल होने के बाद यह आंकड़ा 119 तक पहुंच गया, जिससे सरकार गठन का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
TVK Government: ऐसे हुआ समर्थन तक का रास्ता साफ
जानकारी के अनुसार, टीवीके प्रमुख विजय ने लगातार तीन दिनों तक राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था, लेकिन उनके पास आवश्यक बहुमत साबित नहीं हो पाया था। राज्यपाल ने स्पष्ट किया था कि 118 विधायकों का समर्थन दिखाने के बाद ही सरकार गठन का आमंत्रण दिया जाएगा। अब कांग्रेस (5 विधायक), सीपीआई (2 विधायक), सीपीएम (2 विधायक) और वीसीके (2 विधायक) के समर्थन से टीवीके का गठबंधन मजबूत हो गया है। वीसीके प्रमुख थोल. थिरुमावलवन ने आधव अर्जुना को समर्थन पत्र सौंपते हुए औपचारिक रूप से गठबंधन को समर्थन दिया, जिसके बाद राजनीतिक तस्वीर पूरी तरह बदल गई।
जाने कैसे बनेगी सरकार
234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत होती है, जबकि टीवीके के पास पहले 108 सीटें थीं। नए गठबंधन के बाद यह संख्या बढ़कर 119 तक पहुंच गई है, जिससे विजय के नेतृत्व में नई सरकार बनने का रास्ता लगभग तय माना जा रहा है। अब राज्यपाल की ओर से औपचारिक आमंत्रण और शपथ ग्रहण की प्रक्रिया का इंतजार किया जा रहा है, जो संभवतः जल्द ही पूरा हो सकता है। इस घटनाक्रम ने तमिलनाडु की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है और आने वाले दिनों में राज्य की सियासत में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।