PM Modi सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने भारत की विदेश नीति में आए महत्वपूर्ण बदलावों और उपलब्धियों को 10 प्रमुख बिंदुओं में बताया। उन्होंने कहा कि भारत की कूटनीति अब अधिक नागरिक-केंद्रित, डिजिटल और वैश्विक स्तर पर सक्रिय हो चुकी है। पिछले वर्षों में विदेश मंत्रालय ने सेवाओं को सरल बनाते हुए पासपोर्ट प्रक्रिया और दस्तावेज सत्यापन को आसान किया है, जिससे आम नागरिकों को बड़ी राहत मिली है।
विदेश नीति की 10 प्रमुख उपलब्धियां
- पासपोर्ट जारी करने और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया को सरल और डिजिटल बनाया गया।
- विदेशों में रह रहे भारतीयों के लिए दूतावास सेवाओं और सहायता को मजबूत किया गया।
- भारतीय समुदाय कल्याण कोष के उपयोग में विस्तार कर संकट प्रबंधन बेहतर किया गया।
- यूक्रेन, अफगानिस्तान, इज़राइल और सूडान जैसे देशों से भारतीयों की सुरक्षित निकासी की गई।
- शिकायत निवारण और सहायता के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किए गए।
- 21 से अधिक गतिशीलता (mobility) साझेदारियां बनाकर रोजगार अवसर बढ़ाए गए।
- भारतीय व्यवसायों को विदेशी बाजारों तक पहुंच और निर्यात विस्तार में सहायता मिली।
- विकास परियोजनाओं के माध्यम से भारतीय उत्पादों और सेवाओं का वैश्विक विस्तार हुआ।
- विदेशों में भारतीय छात्रों के लिए कल्याणकारी उपायों को मजबूत किया गया।
- 44 नए दूतावास और वाणिज्य दूतावास खोलकर भारत की कूटनीतिक पहुंच बढ़ाई गई।
यहाँ जाने जयशंकर ने और क्या कुछ कहा
जयशंकर ने यह भी कहा कि इन सुधारों से भारतीय प्रवासी समुदाय को अधिक सुरक्षा, सुविधा और सम्मान मिला है। भारत की सांस्कृतिक कूटनीति को भी मजबूत किया गया है, जिससे भारतीय परंपराओं और विरासत को वैश्विक पहचान मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर कहा कि पिछले 12 वर्ष “सेवा, सुशासन और समृद्धि” के रहे हैं और भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी स्थिति को मजबूत किया है।