MP News
MP News: मध्य प्रदेश के लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 11 अगस्त 2026 को मंत्रालय से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के पात्र लोगों और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की पात्र महिलाओं के खातों में पैसे ट्रांसफर किए। मुख्यमंत्री ने यह राशि सिंगल क्लिक से भेजी। इस दौरान उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों के लाभार्थियों से बात भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर वर्ग के विकास और कल्याण के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य लक्ष्य लोगों की सेवा करना और जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
211 करोड़ 53 लाख रुपये पेंशन के लिए जारी
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत प्रदेश के 35 लाख 25 हजार से अधिक पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में कुल 211 करोड़ 53 लाख रुपये ट्रांसफर किए। यह राशि जुलाई 2026 की पेंशन के रूप में दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पेंशन की राशि भले ही छोटी हो, लेकिन जरूरतमंदों के लिए इसका सहारा बहुत बड़ा होता है। उन्होंने बुजुर्गों की खुशी और सम्मान को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि उनके चेहरों की मुस्कान सरकार को लोककल्याण के लिए और बेहतर काम करने की प्रेरणा देती है।
उज्ज्वला योजना की महिलाओं को भी मिली राहत
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत पात्र महिलाओं के लिए भी बड़ी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की करीब 22 लाख 20 हजार से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में अप्रैल और मई 2026 की गैस सिलेंडर रिफिल प्रोत्साहन राशि ट्रांसफर की। इसके तहत लगभग 99 करोड़ रुपये की दो महीने की सब्सिडी महिलाओं के खातों में पहुंचाई गई। मुख्यमंत्री ने सावन और आगामी रक्षाबंधन का जिक्र करते हुए कहा कि बहनों की खुशी में ही सरकार की खुशी है और उनके कल्याण में कोई कमी नहीं रखी जाएगी।
‘सेवा और अंत्योदय’ को बताया सरकार का लक्ष्य
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सरकार के लिए त्योहार केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति की खुशियों से जुड़ने का भी मौका हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सम्मान और सभी की खुशी से बढ़कर सरकार के लिए कोई दूसरा उत्सव नहीं है। इसी भावना के तहत आने वाले त्योहारों को ध्यान में रखते हुए बुजुर्गों को पेंशन राशि अंतरित करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, युवा, नारी शक्ति और किसानों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया।
CM यादव ने ‘हर घर तिरंगा’ की अपील की
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को हरियाली तीज, स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महाकाल की कृपा से प्रदेश के लोगों के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। साथ ही हर घर तिरंगा अभियान के तहत लोगों से अपने घरों पर तिरंगा लगाने की अपील की। कार्यक्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सामाजिक न्याय मंत्री नारायण सिंह कुशवाह और वरिष्ठ विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।