September 2, 2026

Abstar News

Latest News, Breaking News & Updates

Kajal Raghwani ने किए चौंकाने वाले खुलासे, रिश्ते में हिंसा से लेकर शादी तक पर की बात

Kajal Raghwani

Kajal Raghwani

Kajal Raghwani : भोजपुरी एक्ट्रेस काजल राघवानी ने शुभांकर मिश्रा के साथ बातचीत में अपनी जिंदगी के कई मुश्किल दौरों को याद किया। ‘भोजपुरी बवाल’ के लेटेस्ट एपिसोड में काजल ने अपने परिवार, पिता और निजी जिंदगी से जुड़े कई भावुक खुलासे किए। उन्होंने बताया कि जब वह करीब 16 साल की थीं, तब उनके पिता परिवार को छोड़कर चले गए थे। काजल के मुताबिक, उस दौर में उनकी मां को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि पिता के जाने का दर्द आज भी उनके मन में है और वह उन्हें बहुत मिस करती हैं। काजल ने यह भी बताया कि उन्होंने पिता को वापस बुलाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं लौटे।

रिश्ते में झेली मारपीट और धमकियां

काजल राघवानी ने अपने रिलेशनशिप को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने दावा किया कि जिंदगी में कई बार उनके साथ गलत व्यवहार हुआ और उन्हें बिना गलती के भी मार झेलनी पड़ी। काजल ने बताया कि एक रिश्ते में उन्हें धमकियां भी दी गईं, जिसके बाद वह काफी डर गई थीं। उन्होंने कहा कि उस समय उन्हें लगा कि अगर उन्होंने कुछ कहा तो कोई उनका साथ नहीं देगा। ऐसे हालात में उन्होंने खुद को संभाला और दोबारा काम पर ध्यान देना शुरू किया। अभिनेत्री ने बताया कि उनके परिवार की जिम्मेदारी भी काफी हद तक उनके कंधों पर रही है।

शादीशुदा शख्स के साथ रिश्ते पर किया खुलासा

काजल ने अपने एक पुराने रिश्ते के बारे में भी बात की, जिसमें सामने वाला व्यक्ति शादीशुदा था। अभिनेत्री ने बताया कि वह शख्स उन्हें पिता जैसी देखभाल देता था और अपने परिवार से जुड़ी परेशानियों की कहानी सुनाता था। इसी वजह से वह भावनात्मक रूप से उससे जुड़ती चली गईं। काजल ने कहा कि वह व्यक्ति उनके साथ करवाचौथ भी मनाने आता था। उन्होंने यह भी बताया कि वह व्यक्ति भी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा अभिनेता था। काजल के मुताबिक, इस रिश्ते में भी हिंसा हुई और बाद में उन्हें पता चला कि उन्हें चीट किया गया, जिसके बाद रिश्ता खत्म हो गया।

आम्रपाली दुबे से विवाद पर भी रखी अपनी बात

इंटरव्यू में काजल राघवानी ने भोजपुरी इंडस्ट्री से जुड़े विवादों पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने आम्रपाली दुबे और दिनेश लाल यादव निरहुआ के साथ काम को लेकर हुए पुराने विवाद का जिक्र किया। काजल ने कहा कि उन्हें जानकारी दी गई थी कि कुछ फिल्मों से उन्हें हटवाया गया था। उन्होंने आम्रपाली से इस बारे में सवाल भी किया था। हालांकि काजल ने स्पष्ट किया कि उन्हें आम्रपाली और दिनेश लाल यादव के रिश्ते या बॉन्ड से कोई परेशानी नहीं है, लेकिन वह चाहती हैं कि निजी समीकरणों का असर उनके काम पर न पड़े।

अगले साल शादी करेंगी काजल राघवानी

‘भोजपुरी बवाल’ का यह एपिसोड काजल राघवानी की निजी जिंदगी के कई पहलुओं के कारण चर्चा में रहा। अभिनेत्री ने बातचीत के दौरान यह भी बताया कि उनका रिश्ता पक्का हो चुका है और वह अगले साल शादी करने जा रही हैं। हालांकि उन्होंने अपने होने वाले जीवनसाथी को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की। शो के अगले एपिसोड में जन्नत जुबैर भी नजर आईं, काजल के खुलासों के बाद सोशल मीडिया पर भी उनके इंटरव्यू को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.