August 25, 2026

Abstar News

Latest News, Breaking News & Updates

Patna Student Protest: पटना में छात्रों का सीएम आवास घेराव, 14 संगठनों का समर्थन

Patna Student Protest

Patna Student Protest

Patna Student Protest: बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार 25 अगस्त को छात्रों और युवाओं का बड़ा प्रदर्शन होने जा रहा है। ABSU की ओर से सुबह 11 बजे गांधी मैदान से मुख्यमंत्री आवास घेराव मार्च निकाला जाएगा। संगठन पिछले करीब एक सप्ताह से गर्दनीबाग में धरना-प्रदर्शन कर रहा है। अब छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर सीएम आवास तक मार्च करने का फैसला किया है। इस प्रदर्शन को RYA, SSAI, छात्र युवा संघर्ष मोर्चा समेत 14 संगठनों ने समर्थन दिया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने भी मार्च के समर्थन का ऐलान किया है। बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं के प्रदर्शन में शामिल होने की संभावना है।

गांधी मैदान से सीएम आवास तक जाएगा मार्च

छात्रों का यह मार्च गांधी मैदान से शुरू होकर डाकबंगला, तारामंडल और जेपी गोलंबर होते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर जाएगा। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की है। सीएम आवास और उसके आसपास का इलाका सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है और वहां मार्च या धरना-प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। ऐसे में छात्रों और प्रशासन के बीच टकराव की आशंका बनी हुई है। जेपी गोलंबर से आगे बढ़ने की कोशिश करने पर पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बल प्रयोग किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

BPSC परीक्षा रद्द करने समेत कई मांगें

छात्र संगठनों की प्रमुख मांगों में BPSC परीक्षा को रद्द कर दोबारा आयोजित करना शामिल है। प्रदर्शनकारी परीक्षा संचालन और परिणाम प्रक्रिया को कथित तौर पर अपारदर्शी बताते हुए पूरी प्रक्रिया की जांच की मांग कर रहे हैं। छात्रों की मांग है कि उच्च न्यायालय के किसी न्यायाधीश की निगरानी में पूरी प्रक्रिया की CBI जांच कराई जाए। इसके अलावा लाइब्रेरियन की बहाली शुरू करने, BSSC में संविदा वेटेज हटाने और परीक्षा की तारीख घोषित करने की मांग भी रखी गई है। छात्रों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित होना जरूरी है।

भर्ती परीक्षाओं में बदलाव की मांग

प्रदर्शनकारी छात्रों ने असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती से पहले Eligibility Test अनिवार्य करने और कथित धांधली वाली दरोगा भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग की है। इसके अलावा बिहार की सभी भर्ती परीक्षाओं में अधिकतम आयु सीमा 45 वर्ष करने और डोमिसाइल नीति में 90 फीसदी तक आरक्षण की मांग भी सामने रखी गई है। छात्रों की मांग है कि राज्य में होने वाली सभी भर्ती परीक्षाओं के लिए एक वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी किया जाए। पेपर लीक और परीक्षा में धांधली जैसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जवाबदेही तय करने की भी मांग की गई है।

TRE 4 और परीक्षा व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी

छात्र संगठनों ने TRE 4 को लेकर भी कई मांगें रखी हैं। उनकी मांग है कि TRE 4 में एकल परीक्षा आयोजित की जाए और नेगेटिव मार्किंग की व्यवस्था खत्म की जाए। छात्रों का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और समयबद्ध प्रक्रिया जरूरी है, ताकि अभ्यर्थियों को बार-बार आंदोलन के लिए मजबूर न होना पड़े। फिलहाल मंगलवार के मार्च को देखते हुए पटना में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस और प्रशासन की नजर गांधी मैदान से लेकर जेपी गोलंबर और सीएम आवास की ओर जाने वाले मार्गों पर रहेगी। अब देखना होगा कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहता है या छात्रों और प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति बनती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.