UP Politics: चुनावी मोड में बीजेपी, योगी आदित्यनाथ ने कहा जो सो रहे हैं, वे जाग जाएं
UP Politics
UP Politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठन को पूरी तरह चुनावी मोड में लाना शुरू कर दिया है। सोमवार को लखनऊ में आयोजित बीजेपी की कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी ने कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति और संगठन की मजबूती का संदेश दिया। सीएम योगी ने कार्यकर्ताओं से जमीन पर सक्रिय होकर सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की अपील की, जबकि स्मृति ईरानी ने विपक्ष के डिजिटल नैरेटिव का जवाब देने के लिए लाभार्थियों की सक्सेस स्टोरी सामने लाने का प्लान बताया।
योगी बोले- ‘जो सो रहे हैं, वे जाग जाएं’
बीजेपी कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं को चेताते हुए कहा कि ‘जो सो रहे हैं, वे जाग जाएं।’ उन्होंने कहा कि विपक्ष Gen-Z, Gen Alpha और राम मंदिर जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की पूरी जानकारी के साथ जनता के बीच जाना होगा। योगी ने कहा कि केवल सरकार के काम के भरोसे चुनाव नहीं जीता जा सकता, बल्कि संगठन को लगातार बूथ और जमीनी स्तर पर सक्रिय रहना होगा।
शिक्षा और विकास परियोजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर जोर
सीएम योगी ने विपक्ष द्वारा बच्चों के भविष्य, शिक्षा और रोजगार को लेकर उठाए जा रहे सवालों का जिक्र करते हुए 2017 से पहले और वर्तमान शिक्षा व्यवस्था के अंतर को कार्यकर्ताओं के सामने रखा। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों के कायाकल्प और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए बड़े स्तर पर काम किया है। मुख्यमंत्री ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे और RRTS जैसी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया और कार्यकर्ताओं से इन उपलब्धियों को बूथ स्तर तक पहुंचाने की अपील की।
स्मृति ईरानी का डिजिटल नैरेटिव पर बड़ा प्लान
कार्यशाला में स्मृति ईरानी ने विपक्ष के डिजिटल नैरेटिव का जवाब देने के लिए नई रणनीति पेश की। उन्होंने कहा कि केवल भाषणों के जरिए डिजिटल अभियान का मुकाबला नहीं किया जा सकता। इसके लिए सरकारी योजनाओं से लाभ पाने वाले लोगों की वास्तविक सफलता की कहानियां जनता के सामने लानी होंगी। स्मृति ईरानी ने उत्तर प्रदेश के 27 हजार से अधिक शक्ति केंद्रों से कम से कम 10-10 सक्सेस स्टोरी तैयार करने का निर्देश दिया। इनमें पीएम आवास योजना, ODOP, मुद्रा योजना और ऑपरेशन कायाकल्प से लाभ पाने वाले लोगों को शामिल किया जाएगा।
एक मिनट के वीडियो से जनता तक पहुंचेगा संदेश
बीजेपी की योजना इन लाभार्थियों की करीब एक मिनट की वीडियो स्टोरी तैयार कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करने की है। पार्टी सरकार की योजनाओं का असर नेताओं के भाषणों के बजाय लाभार्थियों की अपनी कहानियों के माध्यम से जनता तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है। स्मृति ईरानी ने संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल पर भी जोर दिया। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष और पदाधिकारियों से कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संवाद बनाए रखने और केंद्र सरकार के 13 अभियानों को प्रभावी ढंग से चलाने की अपील की।
