अंकित बालियान हत्याकांड: सोशल मीडिया पर फिर धमकी, घर के बाहर 400 गोलियां चलाने की बात
अंकित बालियान हत्याकांड के बाद शामली में एक बार फिर सोशल मीडिया पर धमकी भरी पोस्ट सामने आई है। एक लाख रुपये के इनामी शार्प शूटर सत्यम के नाम से बनाए गए इंस्टाग्राम अकाउंट पर डाली गई पोस्ट में घर के बाहर 400 गोलियां चलाने की धमकी दी गई है। पोस्ट में आमने-सामने मिलने की चुनौती भी दी गई है। साथ ही लिखा गया है कि किसी से डरते नहीं हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सोशल मीडिया पर सामने आई पोस्ट की जांच की जा रही है।
अंकित बालियान हत्याकांड में फर्जी अकाउंट की भी जांच
अंकित बालियान हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस सोशल मीडिया पर सत्यम समेत अन्य नामों से सामने आ रही पोस्ट की पड़ताल कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पोस्ट वास्तव में संबंधित लोगों ने डाली हैं या किसी अन्य व्यक्ति ने उनके नाम का इस्तेमाल किया है। जांच में यह भी सामने आया कि करनाल के शार्प शूटरों ने सिम खरीदने के लिए करीब तीन घंटे के लिए स्नैपचैट आईडी बनाई थी और बाद में उसे डिलीट कर दिया था।
गोगी गैंग के नाम से वायरल पोस्ट पर भी सवाल
अंकित बालियान हत्याकांड के बाद गोगी गैंग के नाम से वायरल हुई पोस्ट को लेकर गायक मासूम शर्मा ने इससे संबंध होने से साफ इनकार किया था। वहीं हरियाणवी गायक केडी ने अंकित के परिवार के साथ हुई घटना पर दुख जताते हुए जल्द न्याय और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। इससे पहले सत्यम के नाम से सामने आई एक पोस्ट में दो और मर्डर होने की बात भी कही गई थी, जिसके बाद पुलिस की जांच सोशल मीडिया अकाउंट और उन्हें संचालित करने वालों पर केंद्रित हो गई है।
रेकी से लेकर शूटरों की डीलिंग तक जांच आगे बढ़ी
पुलिस के अनुसार अंकित बालियान हत्याकांड में रेकी करने वाले दो और शामली निवासी पुलिस के रडार पर हैं। अब तक छह लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। जांच में करनाल जेल में बंद राकेश उर्फ पंपू की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक एक महिला और दो अन्य लोगों के जरिए शार्प शूटरों से संपर्क किया गया था और पांच-पांच लाख रुपये में हत्या की डीलिंग कराई गई थी। पुलिस महिला समेत अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। वहीं शूटरों द्वारा करीब 4500 रुपये में दिल्ली से जीपीएस खरीदने की जानकारी भी सामने आई है।
26 अगस्त को हुई थी अंकित बालियान की हत्या
अंकित बालियान हत्याकांड 26 अगस्त को हुआ था। बंतीखेड़ा गांव निवासी हरियाणवी गायक अंकित बालियान की शामली में नाला पटरी स्थित जिम से बाहर निकलते समय शार्प शूटरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर गोगी गिरोह के भोलू शाहपुरिया के नाम से हत्या की जिम्मेदारी लेने वाली पोस्ट सामने आई थी। पुलिस ने 31 अगस्त को गोगी गैंग के 50 हजार रुपये के इनामी सोनीपत निवासी मोहित और सुमित को मुठभेड़ में मार गिराया था। जांच में हत्या की वजह ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ गाने की रंजिश बताई गई थी।
