पाकिस्तान क्रिकेट टीम में बवाल: रिजवान-इमाम समेत सात खिलाड़ियों की छुट्टी, ड्रेसिंग रूम के व्यवहार पर बड़ा खुलासा
पाकिस्तान क्रिकेट टीम में बवाल
पाकिस्तान क्रिकेट टीम में बवाल: इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तान क्रिकेट टीम का संकट कम होने का नाम नहीं ले रहा है। टीम तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में शुरुआती दो मुकाबले हार चुकी है। हेडिंग्ले में पहला टेस्ट पारी और 103 रन से, जबकि लॉर्ड्स में दूसरा टेस्ट 194 रन से गंवाने के बाद टीम में बड़ा बदलाव किया गया। तीसरे टेस्ट से पहले सात खिलाड़ियों को घर भेज दिया गया, जिनमें अनुभवी मोहम्मद रिजवान और इमाम उल हक भी शामिल हैं। अब इन दोनों समेत कुछ सीनियर खिलाड़ियों को बाहर किए जाने को लेकर नई जानकारी सामने आई है।
रिजवान-इमाम के ड्रेसिंग रूम व्यवहार पर सवाल
पीसीबी और टीम मैनेजमेंट की ओर से खिलाड़ियों को हटाने की वजह खराब प्रदर्शन बताई गई थी। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट टीम में रिजवान, इमाम और सलमान अली आगा को लेकर एक और वजह सामने आई है। पीटीआई ने पीसीबी के एक सूत्र के हवाले से बताया कि इन सीनियर खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम में व्यवहार से बोर्ड खुश नहीं था। सूत्र के मुताबिक, ये तीनों पीसीबी की बड़ी योजना का हिस्सा थे, लेकिन खराब प्रदर्शन के साथ उनके व्यवहार को भी टीम से बाहर किए जाने की वजह माना गया।
सात खिलाड़ियों की जगह नए खिलाड़ियों को मौका
पाकिस्तान क्रिकेट टीम में बदलाव के तहत रिजवान, इमाम और सलमान अली आगा के अलावा अली उस्मान, आमिर जमाल, मोहम्मद अवैस और खुर्रम शहजाद को भी घर भेजा गया। इनके स्थान पर तीसरे टेस्ट के लिए सैम अयूब, अब्दुल्लाह फजल, अराफात मिनहास, साद बेग, मोहम्मद रंधावा, रजाउल्लाह और मोहम्मद इमरान जूनियर को टीम से जोड़ा गया है। इनमें से पांच खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू कर चुके हैं, जबकि रंधावा और रजाउल्लाह को अभी अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करना है।
कोचिंग स्टाफ में भी बड़ा बदलाव, हेसन संभालेंगे जिम्मेदारी
खिलाड़ियों के साथ पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव हुआ है। मुख्य कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को भी घर वापस भेज दिया गया है। तीसरे टेस्ट में उनकी जगह माइक हेसन और एश्ले नोफके कोचिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक हेसन कुछ व्हाइट बॉल खिलाड़ियों को रेड बॉल क्रिकेट में आजमाना चाहते थे। हेसन फिलहाल पाकिस्तान के वनडे और टी20 के कोच हैं।
एजबेस्टन टेस्ट में नए खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
पाकिस्तान क्रिकेट टीम अब इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज का आखिरी टेस्ट एजबेस्टन में खेलेगी। नए खिलाड़ियों में सैम अयूब ने आठ और अब्दुल्लाह फजल ने दो टेस्ट खेले हैं। बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर अराफात मिनहास पाकिस्तान के लिए वनडे और टी20 खेल चुके हैं। साद बेग और मोहम्मद इमरान जूनियर भी राष्ट्रीय टीम का हिस्सा रह चुके हैं। अब इन बदलावों के बीच टीम की नजर तीसरे टेस्ट में बेहतर प्रदर्शन के साथ वापसी करने पर होगी।
