नेशनल हेराल्ड केस पर कांग्रेस का BJP पर बड़ा हमला

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता और सोशल मीडिया प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर ईडी की कार्रवाई को “राजनीतिक षड्यंत्र” करार देते हुए कहा कि भाजपा जनता के सामने मौजूद असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।

श्रीनेत ने रायपुर के राजीव भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से दाखिल आरोपपत्र पूरी तरह से बदले की राजनीति है। उन्होंने दावा किया कि यह केस तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत किया गया है ताकि गांधी परिवार को बदनाम किया जा सके।

“राजनीतिक षड्यंत्र है यह केस”
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा, “मोदी-शाह की जोड़ी कांग्रेस के हालिया गुजरात अधिवेशन से बौखला गई है और अब राजनीतिक प्रतिशोध के तहत ईडी का इस्तेमाल कर रही है।” उन्होंने कहा कि गांधी परिवार को लगातार निशाना बनाया जा रहा है, चाहे वे राजनीति में हों या नहीं।

श्रीनेत ने आरोप लगाया कि जिस केस में न कोई लेन-देन हुआ, न संपत्ति का हस्तांतरण, वहां धनशोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) का आरोप लगाना एक राजनीतिक ठगी है। उन्होंने कहा, “जब पैसा ही नहीं है, तो मनी लॉन्ड्रिंग कहां से हो गई?”

“ईडी बना दिया गया है चुनावी हथियार”
उन्होंने कहा कि ईडी की सजा दर महज 1 प्रतिशत है और 98 प्रतिशत राजनीतिक मामले विपक्षी नेताओं के खिलाफ दर्ज किए गए हैं। सुप्रिया ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि ईडी को भाजपा ने अपना चुनावी विभाग बना दिया है और चुनाव से पहले डराने और दबाव डालने का जरिया बना लिया है।

“कांग्रेस को दबाने की साजिश”
श्रीनेत ने कहा कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ झूठे मामले दर्ज कर कांग्रेस नेतृत्व को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए खतरनाक बताते हुए कहा कि भाजपा सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।

“प्रधानमंत्री और गृहमंत्री द्वारा यह राजनीतिक धमकी का भद्दा प्रयास है। यह देश में बदले की राजनीति का सबसे कुरूप रूप है,” उन्होंने कहा।

“हम चुप नहीं होंगे”
कांग्रेस प्रवक्ता ने साफ शब्दों में कहा कि पार्टी इन राजनीतिक षड्यंत्रों के आगे झुकेगी नहीं। उन्होंने कहा, “जो हमें चुप कराना चाहते हैं, वे खुद डरे हुए हैं। कांग्रेस इसका डटकर मुकाबला करेगी और अंत में सत्य की ही जीत होगी।”

नेशनल हेराल्ड की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि
सुप्रिया श्रीनेत ने बताया कि 1937 में पंडित जवाहरलाल नेहरू ने पुरुषोत्तम दास टंडन, आचार्य नरेंद्र देव और रफी अहमद किदवई जैसे स्वतंत्रता सेनानियों के साथ मिलकर नेशनल हेराल्ड अखबार की शुरुआत की थी। यह अखबार भारत की आजादी की आवाज बना। इसके हिंदी और उर्दू संस्करण क्रमशः ‘नवजीवन’ और ‘कौमी आवाज़’ नाम से प्रकाशित होते थे।

1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान अंग्रेजों ने इस अखबार पर प्रतिबंध लगा दिया था जो 1945 तक जारी रहा।

“BJP कर रही है स्वतंत्रता संग्राम का अपमान”
श्रीनेत ने भाजपा पर स्वतंत्रता संग्राम की विरासत को मिटाने और इतिहास को विकृत करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “भाजपा के वैचारिक पूर्वजों ने अंग्रेजों का साथ दिया था और अब ये लोग स्वतंत्रता संग्राम की विरासत को मिटाना चाहते हैं।”

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत समेत अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

Share

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *