August 29, 2026

Abstar News

Latest News, Breaking News & Updates

8वां वेतन आयोग: 2.0 फिटमेंट फैक्टर से न्यूनतम वेतन 36,000 रुपये? जानें कर्मचारियों को कितना फायदा

8वां वेतन आयोग

8वां वेतन आयोग

8वां वेतन आयोग:  केंद्रीय कर्मचारियों को 8वें वेतन आयोग से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। विभिन्न अनुमानों के अनुसार, यदि 2.0 का फिटमेंट फैक्टर लागू किया जाता है तो कर्मचारियों का न्यूनतम मूल वेतन 18,000 रुपये से बढ़कर 36,000 रुपये हो सकता है। हालांकि, इसे लेकर सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक सिफारिश या अंतिम फैसला सामने नहीं आया है। 2027 में होने वाले चुनावों से पहले वेतन आयोग की सिफारिशों पर मुहर लगने की संभावना को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं।

क्या होता है फिटमेंट फैक्टर और कैसे बढ़ता है मूल वेतन?

फिटमेंट फैक्टर एक गणितीय गुणक है, जिसका उपयोग पुरानी मूल वेतन संरचना को नए वेतनमान में बदलने के लिए किया जाता है। उदाहरण के तौर पर, मौजूदा न्यूनतम मूल वेतन 18,000 रुपये को यदि 2.0 से गुणा किया जाए तो यह 36,000 रुपये हो जाएगा। हालांकि, मूल वेतन दोगुना होने का मतलब यह नहीं है कि कर्मचारियों का कुल सकल वेतन भी सीधे 100 फीसदी बढ़ जाएगा। नए वेतन आयोग के लागू होने पर भत्तों की संरचना में बदलाव होता है और मौजूदा महंगाई भत्ता नए वेतन ढांचे में समायोजित हो जाता है।

7वें वेतन आयोग में 2.57 था फिटमेंट फैक्टर

फिटमेंट फैक्टर वेतन वृद्धि के लिए एक महत्वपूर्ण आधार माना जाता है और यह सुनिश्चित करता है कि वेतनमान में एक निश्चित अनुपात में बदलाव हो। 7वें वेतन आयोग में 2.57 के फिटमेंट फैक्टर का इस्तेमाल किया गया था। इसके बाद न्यूनतम मूल वेतन 7,000 रुपये से बढ़कर 18,000 रुपये हो गया था। 7वां वेतन आयोग 1 जनवरी 2016 से प्रभावी हुआ था। इसके करीब 10 साल बाद अब 8वें वेतन आयोग को लेकर कर्मचारियों की उम्मीदें बढ़ी हुई हैं।

1 जनवरी 2026 से एरियर मिलने की संभावना

8वें वेतन आयोग की अंतिम सिफारिशें लागू होने पर केंद्रीय कर्मचारियों को 1 जनवरी 2026 से एरियर मिलने की संभावना जताई जा रही है, क्योंकि नए वेतनमान के लिए इसे प्रभावी तिथि माना जा रहा है। यदि नया फिटमेंट फैक्टर लागू होता है और न्यूनतम मूल वेतन में वृद्धि होती है तो कर्मचारियों को पुराने और संशोधित मूल वेतन के अंतर के आधार पर एरियर मिल सकता है। इसका असर कर्मचारियों के भत्तों और पेंशन पर भी पड़ने की संभावना है।

49 लाख कर्मचारी और 65 लाख पेंशनधारकों को हो सकता है फायदा

8वें वेतन आयोग से देश के करीब 49 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 65 लाख पेंशनधारकों को लाभ मिलने की उम्मीद है। फिटमेंट फैक्टर को लेकर अनुमान 1 .92 से 2.86 या उससे अधिक तक लगाए जा रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अभी तक आधिकारिक आंकड़ा घोषित नहीं किया गया है। इसलिए 36,000 रुपये न्यूनतम वेतन का आंकड़ा फिलहाल एक अनुमान है, अंतिम फैसला नहीं। वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने पर कर्मचारियों के वेतन, भत्तों और पेंशन में बदलाव देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.