September 9, 2026

Abstar News

Latest News, Breaking News & Updates

IMD: भीषण गर्मी का कहर! 48°C के करीब पहुंचा पारा, 28 मई तक जारी रहेगा हीटवेव का दौर

IMD: देशभर में भीषण गर्मी और हीटवेव का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है, जहां कई राज्यों में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और प्रायद्वीपीय भारत के बड़े हिस्सों में 28 मई तक हीटवेव और गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और महाराष्ट्र के कई शहरों में लू का प्रकोप तेज हो गया है, जबकि बांदा, खजुराहो, ब्रह्मपुरी, वर्धा और नजफगढ़ जैसे स्थान देश के सबसे गर्म इलाकों में शामिल हो गए हैं जहां तापमान 46 से 48 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है। IMD ने कई राज्यों में ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने और सतर्क रहने की सलाह दी है।

IMD: दिल्ली एनसीआर में मौसम ने ली करवट

दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम ने तीव्र करवट ली है, जहां एक ओर तेज गर्म हवाएं और लू लोगों को परेशान कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी, गरज-चमक और 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ हल्की बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के नाउकास्ट अलर्ट के अनुसार अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में ऑरेंज अलर्ट लागू रहेगा। वहीं उत्तर प्रदेश में हालात और भी गंभीर हैं, जहां बांदा और प्रयागराज जैसे शहरों में तापमान 46 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया है। राज्य के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी है और प्रशासन द्वारा गर्मी से बचाव के लिए विशेष कदम उठाए जा रहे हैं। राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और मध्य भारत में भी लगातार गर्म और शुष्क हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा रही हैं।

जाने क्या कहते है विशेषज्ञ

विशेषज्ञों के अनुसार इस बार की हीटवेव सामान्य से कहीं अधिक खतरनाक है क्योंकि रात के समय भी तापमान में गिरावट नहीं हो रही है, जिसे ‘वॉर्म नाइट’ कहा जाता है। इससे शरीर को राहत नहीं मिल पाती और हीट स्ट्रेस, डिहाइड्रेशन, हीट एग्जॉशन और हीटस्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। जलवायु विशेषज्ञों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण भारत में हीटवेव की तीव्रता और अवधि लगातार बढ़ रही है। आईएमडी ने लोगों को पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचने, दोपहर में बाहर न निकलने और स्वास्थ्य संबंधी सभी सावधानियां बरतने की अपील की है। मौसम विभाग ने साफ संकेत दिया है कि 28 मई तक देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का यह दौर जारी रहेगा, जिससे आम जनजीवन पर बड़ा असर पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.