August 31, 2026

Abstar News

Latest News, Breaking News & Updates

Kaushambi Firecracker Factory Blast: कौशाम्बी में पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट, पांच की मौत की सूचना

Kaushambi Firecracker Factory Blast

Kaushambi Firecracker Factory Blast

Kaushambi Firecracker Factory Blast: कौशाम्बी के पिपरी थाना क्षेत्र स्थित मनौरी बाजार में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे पटाखा फैक्टरी में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगते ही फैक्टरी में रखे पटाखों में एक के बाद एक तेज धमाके होने लगे। विस्फोटों की आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास का इलाका दहल उठा। फैक्टरी से उठे धुएं के गुबार ने पूरे क्षेत्र को ढक लिया, जिससे मनौरी बाजार में अफरा-तफरी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में करीब पांच लोगों की मौत की सूचना है, जबकि दर्जनभर से अधिक लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

लगातार धमाकों से 15 से अधिक मकान हुए धराशायी

मनौरी बाजार स्थित पटाखा फैक्टरी में हुआ विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास बने 15 से अधिक मकान धराशायी हो गए। कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मकानों की ईंटें और मलबा करीब 250 मीटर दूर स्थित रेलवे पुल तक पहुंच गया। कई मकानों के शीशे भी टूट गए। लगातार हो रहे धमाकों के कारण शुरुआत में ग्रामीणों के लिए फैक्टरी के अंदर जाकर लोगों को बचाना मुश्किल हो गया।

दर्जनभर से अधिक गंभीर, प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में इलाज

हादसे में एक दर्जन से अधिक लोगों के गंभीर रूप से झुलसने की सूचना है। घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में चल रहा है। कौशाम्बी के डीएम डॉ. अमित पाल ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और डॉक्टरों को अलर्ट मोड पर रखा गया। हादसे के समय फैक्टरी के अंदर करीब दर्जनभर लोगों के मौजूद होने की सूचना भी सामने आई है।

जेसीबी से हटाया जा रहा मलबा, एयरफोर्स के जवान भी रेस्क्यू में जुटे

घटना की जानकारी मिलते ही कौशाम्बी और प्रयागराज के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाकर उसमें दबे लोगों की तलाश की जा रही है। दो थानों की पुलिस फोर्स राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है। घटना के बाद सेना और एयरफोर्स के जवानों को भी रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया है। एयरफोर्स के जवान मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद कर रहे हैं। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं, जांच जारी

पटाखा फैक्टरी में आग लगने और इसके बाद हुए भीषण विस्फोट की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मकान से अचानक धुआं उठने के बाद पटाखों में विस्फोट शुरू हो गए। मकान के ऊपर से बिजली के तार भी गुजर रहे थे। मौके पर प्रयागराज के एडीजी, आईजी, डीआईजी, अपर पुलिस आयुक्त समेत कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे हैं। कौशाम्बी के डीएम और एसपी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को जल्द बाहर निकालना और घायलों को तत्काल इलाज उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.