Raksha Bandhan 2026: भाई-बहन के साथ करें इन 5 प्रसिद्ध मंदिरों के दर्शन, मिलेगा खास अनुभव
Raksha Bandhan 2026
Raksha Bandhan 2026 भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और अटूट रिश्ते का पवित्र पर्व है। साल 2026 में रक्षाबंधन 28 अगस्त, शुक्रवार को मनाया जाएगा। इस दिन बहन भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसकी लंबी उम्र, सुख और समृद्धि की कामना करती है। अगर आप इस बार रक्षाबंधन को सिर्फ राखी और मिठाई तक सीमित नहीं रखना चाहते, तो भाई-बहन साथ किसी प्रसिद्ध मंदिर के दर्शन का प्लान बना सकते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, साथ में पूजा और प्रार्थना करने से रिश्ते में प्रेम, विश्वास और सकारात्मकता का भाव बढ़ता है।
श्री यमुना-धर्मराज मंदिर, मथुरा
उत्तर प्रदेश के मथुरा में विश्राम घाट पर स्थित श्री यमुना-धर्मराज मंदिर भाई-बहन के रिश्ते से जुड़ा एक विशेष धार्मिक स्थल माना जाता है। यहां भगवान यमराज और उनकी बहन यमुना माता की एक साथ पूजा की जाती है। मान्यता है कि भाई दूज या रक्षाबंधन के अवसर पर भाई-बहन यमुना में स्नान कर मंदिर में दर्शन करें तो उन्हें विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। रक्षाबंधन के मौके पर यह मंदिर भाई-बहन के लिए एक खास धार्मिक यात्रा का विकल्प हो सकता है।
बिहार का भैया-बहिनी मंदिर और पुरी का जगन्नाथ मंदिर
बिहार के सीवान जिले के महाराजगंज अनुमंडल स्थित भीखाबांध गांव में भैया-बहिनी मंदिर अपनी अनोखी परंपरा के लिए जाना जाता है। यहां देवी-देवताओं की मूर्तियां नहीं हैं, बल्कि आपस में जुड़े दो विशाल बरगद के पेड़ों और मिट्टी के पिंडों को भाई-बहन के प्रेम और बलिदान के प्रतीक के रूप में पूजा जाता है। वहीं, ओडिशा के जगन्नाथ मंदिर, पुरी में भगवान जगन्नाथ अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ विराजमान हैं। तीनों की एक साथ पूजा भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का दिव्य प्रतीक मानी जाती है।
बिजनौर का प्राचीन भाई-बहन मंदिर
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में चूड़ियाखेड़ा के जंगल क्षेत्र में स्थित एक प्राचीन मंदिर भी भाई-बहन के रिश्ते को समर्पित बताया जाता है। इस मंदिर का इतिहास भाई-बहन के स्नेह और पवित्र प्रेम से जुड़ा है। यहां भाई और बहन की पत्थर की प्रतिमाओं की पूजा की जाती है। रक्षाबंधन के अवसर पर इस तरह के धार्मिक स्थलों पर जाकर भाई-बहन अपने रिश्ते की खुशहाली और परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना कर सकते हैं।
उत्तराखंड का बंसी नारायण मंदिर भी है खास
उत्तराखंड में स्थित बंसी नारायण मंदिर अपनी खास परंपरा के कारण काफी प्रसिद्ध है। मान्यता के अनुसार, इस मंदिर के कपाट साल में केवल एक बार और वह भी रक्षाबंधन के दिन खुलते हैं। इसलिए इस दिन यहां दर्शन का विशेष महत्व माना जाता है। अगर आप रक्षाबंधन पर भाई या बहन के साथ धार्मिक यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो मथुरा, सीवान, पुरी, बिजनौर और उत्तराखंड के ये प्रसिद्ध मंदिर एक यादगार विकल्प हो सकते हैं।
