September 4, 2026

Abstar News

Latest News, Breaking News & Updates

Sukhbir Badal: नांदेड़ हमले के बाद सुखबीर बादल का पहला बयान! जाने क्या कहा

Sukhbir Badal: महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित तख्त श्री हजूर साहिब के पास हमले के बाद शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल का पहला बयान सामने आया है। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद नांदेड़ से दिल्ली रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में सुखबीर बादल ने कहा, “न मैं कभी डरा हूं और न कभी डरूंगा। अकाली दल हर कुर्बानी को तैयार है।” उन्होंने कहा कि कुछ लोग पंजाब का माहौल खराब करने और देश की अमन-शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनका मकसद कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। सुखबीर बादल ने साफ कहा कि उनके लिए पंजाब का भाईचारा सबसे ज्यादा अहम है।

Sukhbir Badal से हमले का ये है पूरा मामला

दरअसल, नांदेड़ साहिब में एक व्यक्ति ने सुखबीर बादल पर कृपाण से हमला किया था। हमले में उनके हाथ में गंभीर चोट आई, जबकि उन्हें बचाने की कोशिश में एक पुलिस अधिकारी भी घायल हुआ। अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के मुताबिक, हमलावर ने बेहद करीब से वार किया था और खंजर सुखबीर बादल की बाजू से होकर निकला, जिससे हड्डी में फ्रैक्चर हुआ और करीब 150 टांके लगाए गए। यह करीब दो साल में सुखबीर बादल पर दूसरा बड़ा हमला है। इससे पहले दिसंबर 2024 में अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के बाहर उन पर गोली चलाने की कोशिश की गई थी। दोनों घटनाओं ने उनकी Z+ सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

अपने बयान में सुखबीर बादल ने कही ये बड़ी बात

हमले के बाद सुखबीर बादल की सुरक्षा और पूरे मामले की जांच को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। बिक्रम मजीठिया ने 2024 के अमृतसर और नांदेड़ हमले की NIA से फास्ट-ट्रैक जांच कराने की मांग की है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमले के बाद फोन कर सुखबीर बादल का हालचाल जाना था। अब सुखबीर बादल के बयान ने साफ कर दिया है कि वह इस हमले के बावजूद पीछे हटने के मूड में नहीं हैं। उनके बयान में पंजाब के भाईचारे, शांति और अकाली दल की मजबूती पर खास जोर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.