बिहार बाढ़: गंगा-पुनपुन समेत कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर, 27 लाख लोग प्रभावित
बिहार बाढ़
बिहार बाढ़ की स्थिति में कुछ नदियों के जलस्तर में कमी जरूर आई है, लेकिन कई प्रमुख नदियां अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आठ सितंबर सुबह छह बजे तक गंडक, कोसी, बागमती, बूढ़ी गंडक, गंगा, पुनपुन और घाघरा कई स्थानों पर लाल निशान के ऊपर हैं। बक्सर, भोजपुर, पटना, वैशाली, सारण, गोपालगंज, सीवान, बेगूसराय, मुंगेर, भागलपुर, खगड़िया, कटिहार और शेखपुरा समेत 13 जिलों में करीब 27 लाख लोग बिहार बाढ़ से प्रभावित हैं।
बिहार बाढ़: गंगा का जलस्तर कई जगह अब भी चिंताजनक
बिहार बाढ़ के बीच गंगा नदी की स्थिति भी कई इलाकों में गंभीर बनी हुई है। पटना के गांधी घाट पर जलस्तर 50.31 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से 1.71 मीटर ऊपर है। हालांकि यहां जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं मुंगेर, भागलपुर, कहलगांव और फरक्का में गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। भागलपुर में गंगा खतरे के निशान से 0.92 मीटर और कहलगांव में 1.68 मीटर ऊपर बह रही है। दियारा इलाकों में अब भी पानी भरा हुआ है और कई लोग ऊंचे स्थानों पर टेंट लगाकर रहने को मजबूर हैं।
बिहार बाढ़: पुनपुन और घाघरा ने बढ़ाई चिंता
बिहार बाढ़ के बीच पुनपुन नदी भी चिंता बढ़ा रही है। श्रीपालपुर में पुनपुन का जलस्तर 53.55 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से 2.95 मीटर ऊपर है और लगातार बढ़ रहा है। दरधा और महतमाइन नदियां भी उफान पर हैं। बड़हियाकोल के पास तटबंध करीब 15 फीट तक टूटने से नदी का पानी रिहायशी इलाकों में पहुंच गया है। पांच से अधिक स्थानों पर रिंग बांध से पानी ओवरफ्लो होने की जानकारी है। सीवान के दरौली में घाघरा भी खतरे के निशान से 0.55 मीटर ऊपर बह रही है।
बिहार बाढ़: कोसी, बागमती और बूढ़ी गंडक भी लाल निशान के ऊपर
बिहार बाढ़ से प्रभावित इलाकों में कोसी, बागमती और बूढ़ी गंडक का जलस्तर भी चिंता का विषय बना हुआ है। खगड़िया के बलतारा में कोसी 35.15 मीटर पर बह रही है, जो खतरे के निशान से 1.30 मीटर ऊपर है। कटिहार के कुरसेला में कोसी का जलस्तर 31.40 मीटर दर्ज किया गया, जो लाल निशान से 1.40 मीटर अधिक है। मुजफ्फरपुर के बेनीबाद में बागमती 0.25 मीटर ऊपर और खगड़िया में बूढ़ी गंडक 1.98 मीटर ऊपर बह रही है। दोनों नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी का रुझान दर्ज किया गया है।
बिहार बाढ़: बैराजों से लाखों क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज
बिहार बाढ़ के बीच तीन प्रमुख बैराजों से भी बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा गया है। जल संसाधन विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में बीरपुर बैराज से कोसी नदी में अधिकतम 1,98,410 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज हुआ, हालांकि इसका रुझान घटने वाला है। वाल्मीकिनगर बैराज से गंडक में 1,04,400 क्यूसेक और इंद्रपुरी बैराज से सोन नदी में 1,02,574 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी की जा रही है।
