The Traitors Season 2 Trailer
The Traitors Season 2 Trailer: रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ सीजन 2 का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज हो गया है। पहले सीजन की शानदार सफलता के बाद अब यह शो एक बार फिर दर्शकों को सस्पेंस, रणनीति और धोखे से भरपूर मनोरंजन देने के लिए तैयार है। इस बार भी बॉलीवुड फिल्ममेकर करण जौहर शो को होस्ट करते नजर आएंगे। ट्रेलर में एक बार फिर वही शाही महल दिखाई देता है, जहां हर मुस्कान के पीछे शक, हर दोस्ती के पीछे रणनीति और हर पल किसी नए ट्विस्ट का खतरा छिपा है। करण जौहर की दमदार एंट्री के साथ शो का माहौल पहले से कहीं ज्यादा रोमांचक नजर आ रहा है।
करण जौहर की दमदार लाइन ने बढ़ाया सस्पेंस
ट्रेलर में करण जौहर कहते हैं, “ये महल सपने जैसा लगता है… और मैं उस सपने को बुरे सपने में बदलने का इंतजार नहीं कर सकता।” उनकी यह लाइन साफ संकेत देती है कि इस बार गेम पहले से ज्यादा कठिन और अनप्रेडिक्टेबल होने वाला है। कंटेस्टेंट्स को मुश्किल टास्क, ‘सर्कल ऑफ शक’ जैसे तनावपूर्ण मुकाबलों और टावर में होने वाले ‘मर्डर’ का सामना करना होगा। गेम में दो टीमें होंगी इनोसेंट्स और ट्रेटर्स। जहां इनोसेंट्स को ट्रेटर्स की पहचान कर उन्हें बाहर करना होगा, वहीं ट्रेटर्स अपनी असली पहचान छिपाकर एक-एक कर खिलाड़ियों को गेम से बाहर करेंगे।
21 सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट्स लगाएंगे मनोरंजन का तड़का
इस सीजन में कुल 21 चर्चित सेलिब्रिटी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें अभिषेक मल्हान (फुकरा इंसान), मल्लिका शेरावत, मुनव्वर फारुकी, श्वेता तिवारी, रिया चक्रवर्ती, क्रिस्टल डिसूजा, रणवीर बराड़, पारुल गुलाटी, दलीप ताहिल, आदित्य कुलश्रेष्ठ (कुल्लू), करण सिंह मैजिक, शाहनील गिल, शालिनी पासी, साहिल सलाथिया, तान्या पुरी, सौंदूस मोफाकिर समेत कई लोकप्रिय चेहरे शामिल हैं। अलग-अलग क्षेत्रों से आए ये सितारे अपनी रणनीति, दिमाग और मनोवैज्ञानिक खेल के जरिए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करते नजर आएंगे।
13 अगस्त से प्राइम वीडियो पर होगा प्रीमियर
‘द ट्रेटर्स’ सीजन 2 का प्रीमियर 13 अगस्त से Prime Video पर होगा और इसके नए एपिसोड हर गुरुवार रिलीज किए जाएंगे। शो को लेकर करण जौहर ने कहा कि पहला सीजन दर्शकों के बीच अलग पहचान बनाने में सफल रहा और दूसरे सीजन में गेम को पहले से बड़ा, ज्यादा शार्प और पूरी तरह अनप्रेडिक्टेबल बनाया गया है। उनके मुताबिक इस बार कंटेस्टेंट्स पहले से ज्यादा तैयार हैं, लेकिन गेम के नए ट्विस्ट उन्हें लगातार चौंकाते रहेंगे। ऐसे में यह सीजन रियलिटी शो पसंद करने वाले दर्शकों के लिए रोमांच, रणनीति और सस्पेंस का शानदार पैकेज साबित हो सकता है।