Delhi-NCR: दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 10 मई से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर राजधानी और आसपास के इलाकों में साफ दिखाई देगा। इसके चलते 11 और 12 मई को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ-साथ धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इन दोनों दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से अस्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।
Delhi-NCR: तापमान में उतार-चढ़ाव, लू से राहत बरकरार रहने की संभावना
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार इस दौरान दिल्ली-एनसीआर का अधिकतम तापमान 35 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। 10 मई को तापमान 36 से 38 डिग्री, जबकि 11 और 12 मई को हल्की गिरावट के साथ मौसम थोड़ा सुहावना रहने की संभावना है। 13 से 14 मई के बीच आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और तापमान 35 से 37 डिग्री के आसपास रह सकता है। वहीं 15 मई को तापमान फिर बढ़कर 37 से 39 डिग्री तक पहुंच सकता है, लेकिन फिलहाल लू चलने की कोई संभावना नहीं है। लगातार बदलते मौसम से मई की भीषण गर्मी पर फिलहाल ब्रेक लगा हुआ है।
बारिश और हवाओं से प्रदूषण में भी कमी की उम्मीद
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में Delhi-NCR में तेज हवाओं और हल्की बारिश से न सिर्फ तापमान में गिरावट आएगी, बल्कि दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण के स्तर में भी कुछ सुधार देखने को मिल सकता है। शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया, जिससे दिन में हल्की राहत महसूस की गई। मौसम विभाग का कहना है कि यह पश्चिमी विक्षोभ अस्थायी राहत जरूर देगा, लेकिन इसके बाद गर्मी एक बार फिर तेज रफ्तार से बढ़ सकती है। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए सतर्क रहें और धूल भरी आंधी के दौरान सावधानी बरतें।