Vijay: तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जहां तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के संस्थापक सी जोसेफ विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही अपने फैसलों से हलचल मचा दी है। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। पद संभालते ही विजय ने जनता के लिए तीन बड़े फैसलों पर हस्ताक्षर किए, जिनमें घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली, महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष बल का गठन और राज्य में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए एंटी-ड्रग यूनिट की स्थापना शामिल है। इस दौरान नौ मंत्रियों ने भी शपथ ली और नई सरकार की रूपरेखा सामने आई।
अपने पहले संबोधन में मुख्यमंत्री विजय ने खुद को “जनता का सेवक” बताते हुए कहा कि उनकी सरकार सामाजिक न्याय और सच्चे धर्मनिरपेक्ष मूल्यों पर काम करेगी। उन्होंने कांग्रेस, वीसीके, आईयूएमएल और वामपंथी दलों का समर्थन देने के लिए आभार जताया। विजय ने खासतौर पर युवाओं का धन्यवाद किया, जिन्होंने चुनाव में उनकी पार्टी को मजबूत समर्थन दिया। उन्होंने भावुक होकर कहा कि वह किसी शाही परिवार से नहीं आते, बल्कि जनता ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार झूठे वादों पर नहीं, बल्कि वास्तविक विकास और पारदर्शिता पर काम करेगी।
समारोह के दौरान विजय ने “जेन-जी” मतदाताओं का विशेष रूप से आभार जताया और कहा कि युवा ही उनकी जीत की असली ताकत हैं। उन्होंने अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि “मामा हमेशा आपके साथ रहेगा”, जिससे कार्यक्रम में भावनात्मक माहौल बन गया। इस शपथ ग्रहण समारोह में उनके परिवार के सदस्य, अभिनेता त्रिशा कृष्णन और कई गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि लगभग 60 साल बाद तमिलनाडु में गैर-द्रविड़ सरकार का गठन राज्य की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत है।