August 31, 2026

Abstar News

Latest News, Breaking News & Updates

Weather Update: यूपी से बिहार तक मूसलाधार बारिश का कहर, 18 राज्यों में अलर्ट

Weather Update

Weather Update

Weather Update:  देश के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश और उफान पर बहती नदियों ने जनजीवन को प्रभावित किया है। यूपी के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के उफान के कारण रामघाट का पुल बह गया, जबकि कई घरों में करीब 5-5 फीट तक कीचड़ जमा होने की जानकारी सामने आई है। मंदाकिनी नदी में आई बाढ़ का असर मध्य प्रदेश तक दिखाई दे रहा है, जहां कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।

सतना में स्कूल बंद, एमपी के कई जिलों में अलर्ट

भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए मध्य प्रदेश के सतना में 31 अगस्त से 1 सितंबर तक स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है। सतना, चित्रकूट, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में बढ़ते जलस्तर के कारण हालात चिंताजनक बने हुए हैं। सीधी, रीवा, मऊगंज, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, सिवनी, मंडला, बालाघाट और मैहर में बारिश, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

18 राज्यों में बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं की भी चेतावनी

मौसम विभाग ने देश के 18 राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है। अगले 24 घंटे के दौरान ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और उत्तराखंड के कई जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा भी बताया गया है। कुछ इलाकों में 40 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

बिहार में छह जिलों में भारी बारिश, 15 जिले हाई अलर्ट पर

बिहार में भी बारिश और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, औरंगाबाद, भभुआ, बक्सर, रोहतास, गया और नवादा में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। नेपाल में आई बाढ़ के कारण कोसी और गंडक बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने से कई गांव प्रभावित हुए हैं। भागलपुर के सबौर में गंगा नदी के कटाव से आठ घर नदी में समा गए, जबकि बाढ़ जैसे हालात के मद्देनजर राज्य के 15 जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

यूपी, दिल्ली और हिमाचल में भी मौसम का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के 58 जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पूर्वी यूपी में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है, जबकि पश्चिमी यूपी में भी कई जिलों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। दिल्ली में 31 अगस्त को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और 1 सितंबर को हल्की बारिश के साथ आंधी-बिजली की संभावना है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में 3 सितंबर तक भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.