September 2, 2026

Abstar News

Latest News, Breaking News & Updates

Weather Update: देश में फिर सक्रिय हुआ मानसून, MP-UP समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

Weather Update

Weather Update

Weather Update: भारत में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 11 से 16 अगस्त के बीच देश के कई हिस्सों में व्यापक बारिश का अनुमान जताया है। उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी, पूर्वोत्तर और पश्चिमी भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कई इलाकों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। लगातार बारिश के कारण कई राज्यों में बाढ़ और जलभराव के हालात बने हुए हैं। नदियां उफान पर हैं और कई जगहों पर हाईवे और प्रमुख रास्तों पर पानी बह रहा है।

उत्तर प्रदेश में 10 नदियां उफान पर, कई गांव बाढ़ की चपेट में

उत्तर प्रदेश में पहाड़ी इलाकों में हो रही भारी बारिश का असर मैदानी क्षेत्रों में भी दिखाई दे रहा है। गंगा और यमुना समेत करीब 10 नदियां उफान पर हैं। फर्रुखाबाद और बिजनौर में गंगा का पानी हाईवे के ऊपर से बह रहा है, जबकि 40 से ज्यादा गांव बाढ़ की चपेट में बताए जा रहे हैं। फर्रुखाबाद में गंगा के कटाव से 25 घर नदी में समा गए। मौसम विभाग के अनुसार 11 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। वहीं 13 से 15 अगस्त के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश की संभावना है। 11 अगस्त को आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।

राजस्थान और मध्य प्रदेश में बिगड़े हालात

राजस्थान में बारिश का दौर जारी है। राज्य के 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 17 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। हाड़ौती क्षेत्र में पिछले 24 घंटे में कई जगहों पर 12 इंच तक बारिश दर्ज की गई। 11 और 12 अगस्त को पूर्वी राजस्थान में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं मध्य प्रदेश में भी बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राजधानी भोपाल में एक हजार से ज्यादा घरों के आसपास करीब 5 फीट तक पानी भर गया। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 10 अगस्त तक 24 घंटे में 21 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई, जबकि पूर्वी हिस्सों में 12 से 20 सेंटीमीटर बारिश हुई। 11 से 15 अगस्त के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है।

दिल्ली-NCR से पहाड़ों तक बारिश का अलर्ट

दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 11 अगस्त को कई इलाकों में बारिश हो सकती है। 13 अगस्त को भी बारिश का एक और दौर आने की संभावना है। दिल्ली-NCR में तेज बारिश के साथ जलभराव और ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका है। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में 11 से 16 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। उत्तराखंड में 11 से 16 अगस्त और हिमाचल प्रदेश में 12 से 16 अगस्त के बीच भारी बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ पहाड़ी इलाकों में बहुत भारी बारिश भी हो सकती है, जिससे भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है।

महाराष्ट्र-गुजरात समेत इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट

महाराष्ट्र के कोंकण और गोवा में 11 से 16 अगस्त तक व्यापक बारिश का अनुमान है। मध्य महाराष्ट्र में 11 और 12 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है। गुजरात में भी 11 और 12 अगस्त को कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है और 11 अगस्त को कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। कुल मिलाकर अगस्त के मध्य तक मानसून देश के बड़े हिस्से में सक्रिय रह सकता है। भारी बारिश वाले क्षेत्रों में लोगों को जलभराव, तेज हवाओं, बिजली गिरने और अचानक बाढ़ को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम की ताजा जानकारी लेते रहें और बहुत जरूरी न होने पर भारी बारिश के दौरान यात्रा से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.