Bank of Baroda SO Recruitment 2026
Bank of Baroda SO Recruitment 2026: सरकारी बैंक में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। बैंक ऑफ बड़ौदा ने स्पेशलिस्ट ऑफिसर के 206 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह भर्ती डिजिटल बैंकिंग, इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी, एंटरप्राइज डेटा मैनेजमेंट ऑफिस, कॉरपोरेट अकाउंट्स एंड टैक्सेशन, सिक्योरिटी और फैसिलिटी मैनेजमेंट सहित कई विभागों में की जाएगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार बैंक की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 26 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। भर्ती के तहत मैनेजर, सीनियर मैनेजर, चीफ मैनेजर, डेटा साइंटिस्ट, इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर, प्रोडक्ट मैनेजर और सिक्योरिटी मैनेजर जैसे कई अहम पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
महत्वपूर्ण तिथियां, पात्रता और आवेदन शुल्क जानें
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 6 अगस्त 2026 से शुरू हो चुके हैं और आवेदन की अंतिम तिथि 26 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता, कार्य अनुभव और आयु सीमा संबंधित पद के अनुसार अलग-अलग तय की गई है। आयु सीमा की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर होगी। आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 850 रुपये का भुगतान करना होगा। वहीं एससी, एसटी, दिव्यांग, पूर्व सैनिक और महिला अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 175 रुपये रखा गया है। आवेदन शुल्क का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किया जाएगा।
Bank of Baroda SO Recruitment 2026: ऐसी होगी चयन प्रक्रिया, ऑनलाइन परीक्षा में होगी नेगेटिव मार्किंग
बैंक ऑफ बड़ौदा ने बताया है कि चयन प्रक्रिया की शुरुआत आवेदन पत्रों की स्क्रीनिंग से होगी। जरूरत पड़ने पर उम्मीदवारों के लिए ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद साइकोमेट्रिक टेस्ट, ग्रुप डिस्कशन और पर्सनल इंटरव्यू भी लिया जा सकता है। अंतिम चयन से पहले डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल परीक्षण अनिवार्य होगा। यदि ऑनलाइन परीक्षा आयोजित होती है तो इसमें 150 प्रश्न पूछे जाएंगे, जो कुल 225 अंकों के होंगे। परीक्षा की अवधि 150 मिनट होगी। प्रश्न पत्र में रीजनिंग, इंग्लिश लैंग्वेज, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड और प्रोफेशनल नॉलेज से जुड़े सवाल शामिल होंगे। प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी।
चयनित अभ्यर्थियों के लिए सर्विस बॉन्ड अनिवार्य, ऐसे करें आवेदन
बैंक ने स्पष्ट किया है कि नियमित पदों पर चयनित उम्मीदवारों को निर्धारित अवधि के लिए सर्विस बॉन्ड भरना होगा। जूनियर मैनेजमेंट ग्रेड स्केल-I के अधिकारियों को कम से कम तीन वर्ष तक सेवा देनी होगी। निर्धारित समय से पहले नौकरी छोड़ने पर बैंक के नियमों के अनुसार जुर्माना देना पड़ सकता है। आवेदन करने के लिए उम्मीदवार बैंक ऑफ बड़ौदा की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर Career सेक्शन में उपलब्ध Current Opportunities लिंक पर क्लिक करें, रजिस्ट्रेशन करें, आवश्यक जानकारी भरें, दस्तावेज अपलोड करें और आवेदन शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म सबमिट कर उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें। आवेदन से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन को ध्यानपूर्वक पढ़ना जरूरी है।