August 31, 2026

Abstar News

Latest News, Breaking News & Updates

Haldwani Purification Row: हल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद पर रविदास मेहरोत्रा का BJP पर हमला, बोले- दलितों का हो रहा अपमान

Haldwani Purification Row

Haldwani Purification Row

Haldwani Purification Row: उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के दौरे के बाद मंच के शुद्धिकरण का मामला राजनीतिक विवाद बन गया है। दावा किया गया कि जिस मंच से खरगे ने जनता को संबोधित किया था, उसका बाद में शुद्धिकरण किया गया। इस मामले को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी लगातार बीजेपी पर हमलावर हैं। अब समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने भी इस मुद्दे पर बीजेपी को घेरा है।

रविदास मेहरोत्रा ने दलित सम्मान का मुद्दा उठाया

सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने आरोप लगाया कि मल्लिकार्जुन खरगे के हल्द्वानी दौरे के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उस मंच को धोने का काम किया, जहां से उन्होंने संबोधन दिया था। मेहरोत्रा ने इसे खरगे के दलित समुदाय से आने से जोड़ते हुए बीजेपी की सोच पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बीजेपी दलितों को उनका हक, न्याय और सम्मान नहीं देती, बल्कि उनके साथ अन्याय करती है और उनके अधिकारों का हनन करती है।

‘जनता समाप्त करेगी बीजेपी का अहंकार’

रविदास मेहरोत्रा ने बीजेपी सरकार पर अहंकार में डूबे होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी PDA समाज का अपमान करेगी तो उसे इसके गंभीर राजनीतिक परिणाम भुगतने पड़ेंगे और जनता उसे सत्ता से बाहर कर देगी। सपा विधायक ने कहा कि बीजेपी सरकार के लोग सत्ता के अहंकार में हैं, लेकिन जनता उनके इस अहंकार को समाप्त करने का काम करेगी। उनके बयान के बाद हल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है।

राहुल गांधी पर SC/ST एक्ट के तहत FIR का मामला

इस बीच हल्द्वानी में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत FIR दर्ज होने का मामला भी चर्चा में है। राहुल गांधी ने इससे पहले शुद्धिकरण मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की थी। बाद में वाल्मीकि समाज से आने वाले अमित कुमार की शिकायत पर राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने बिना जांच के मामले को छुआछूत से जोड़ दिया, जबकि उनका कहना है कि सफाई अभियान में SC-ST समुदाय के लोग भी शामिल थे।

PDA का अर्थ बताते हुए सपा विधायक ने रखा पक्ष

रविदास मेहरोत्रा ने PDA की अवधारणा को भी विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि PDAAA में पी का अर्थ पिछड़ा, डी का अर्थ दलित और ए का अर्थ अल्पसंख्यक है। अन्य दो ‘A’ में आधी आबादी यानी महिलाओं और अगड़ी जाति के गरीब व कमजोर लोगों को शामिल बताया गया। उन्होंने PDA का एक अन्य अर्थ पीड़ित, दुखी और अपमानित भी बताया और कहा कि समाजवादी पार्टी उन लोगों के लिए संघर्ष कर रही है, जो बीजेपी सरकार में खुद को पीड़ित और अपमानित महसूस कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.