दिल्ली ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, CJP के तिरंगा मार्च से प्रभावित हो सकता है यातायात
CJP
दिल्ली के कनॉट प्लेस में शुक्रवार, 16 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन और तिरंगा मार्च के ऐलान के बाद यातायात प्रभावित होने की आशंका है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, दोपहर 3 बजे से कनॉट प्लेस और आसपास की प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही में परेशानी हो सकती है। ऐसे में इन इलाकों से गुजरने वाले लोगों को अपनी यात्रा पहले से प्लान करने और अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।
संसद मार्ग से जनपथ तक इन सड़कों पर असर
ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, शहीद भगत सिंह मार्ग, पंचकुइयां रोड, बसंत लेन और चेल्म्सफोर्ड रोड पर यातायात प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा मिंटो रोड, बाराखंभा रोड, कस्तूरबा गांधी मार्ग और जनपथ से आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेल भवन, रफी मार्ग, सी-हेक्सागन, मंडी हाउस, पटेल चौक और विंडसर प्लेस के आसपास भी यातायात व्यवस्था में बदलाव की संभावना जताई गई है।
दिल्ली ट्रैफिक एडवाइजरी में कई अन्य मार्ग भी शामिल
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने गोल डाकखाना, अशोक रोड पर जीपीओ से सी-हेक्सागन तक के हिस्से, तिलक मार्ग, टॉल्स्टॉय मार्ग और सिकंदरा रोड को भी संभावित रूप से प्रभावित मार्गों में शामिल किया है। पुलिस का कहना है कि मौके की स्थिति को देखते हुए जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं। ऐसे में कुछ रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बदली जा सकती है और यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों से गुजरना पड़ सकता है।
मेट्रो इस्तेमाल करने की सलाह
दिल्ली ट्रैफिक एडवाइजरी में यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे कनॉट प्लेस, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और आसपास के व्यस्त इलाकों में जाने से पहले संभावित ट्रैफिक को ध्यान में रखें। दफ्तर, अस्पताल, रेलवे स्टेशन या किसी जरूरी काम से निकलने वाले लोग वैकल्पिक रास्तों पर विचार कर सकते हैं। पुलिस ने जहां तक संभव हो, निजी वाहनों के बजाय मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों का इस्तेमाल करने की अपील की है। साथ ही, सड़क किनारे वाहन खड़ा करने से बचने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने को कहा गया है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अपडेट कहां देखें?
यात्रा से पहले यातायात की ताजा जानकारी के लिए लोग दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट traffic.delhipolice.gov.in देख सकते हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया पर @dtptraffic हैंडल के जरिए भी अपडेट प्राप्त किए जा सकते हैं। यातायात संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1095 और 011-25844444 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें और यात्रा के दौरान संभावित देरी को ध्यान में रखें।
