गुरुग्राम हिट एंड रन: सिया ने आरोपी कल्याण बैंसला से पूछा- टक्कर के बाद रुके क्यों नहीं?
गुरुग्राम हिट एंड रन
गुरुग्राम हिट एंड रन मामले में नया मोड़ सामने आया है। महिला बाइकर सिया ने आरोपी कल्याण बैंसला के मीडिया के सामने आने और घटना को दुर्घटना बताने वाले बयान के बाद सोशल मीडिया पर नया वीडियो जारी किया है। सिया ने वीडियो में अपना पक्ष रखते हुए आरोपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सवाल किया कि अगर टक्कर के बाद उन्हें लेकर आरोपी को दुख था तो वह मौके पर क्यों नहीं रुका? सिया ने दावा किया कि उन्हें महिला बाइकर देखकर निशाना बनाया गया और जानबूझकर रोकने की कोशिश की गई।
गोल्फ कोर्स रोड पर बाइक को मारी टक्कर, कई मीटर घिसटी
गुरुग्राम हिट एंड रन की यह घटना रविवार को गोल्फ कोर्स रोड पर हुई थी। सिया अपने बाइकिंग ग्रुप के साथ अप्रिलिया आरएस 457 स्पोर्ट्स बाइक चला रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान एक कार उनका पीछा करने लगी और बाद में उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्पोर्ट्स बाइक कई मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई और सिया घायल हो गईं। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की है।
सिया ने आरोपी के बयान पर उठाए सवाल
अपने इंस्टाग्राम वीडियो में सिया ने कल्याण बैंसला के बयान का जवाब देते हुए कहा कि सिर्फ बाइक की स्पीड बदलने से किसी को पीछा करने या परेशान करने का अधिकार नहीं मिल जाता। उन्होंने दावा किया कि वीडियो में साफ दिखाई देता है कि कौन किसे परेशान कर रहा था। सिया ने यह भी कहा कि आरोपी का यह कहना कि उसे पता नहीं था कि बाइक लड़की चला रही है, सही नहीं है। उनके मुताबिक, आरोपी पास आया, इशारे किए और बाइक रोकने के लिए कहा था।
‘अगर दुख था तो टक्कर के बाद रुके क्यों नहीं?’
गुरुग्राम हिट एंड रन मामले में सिया ने सबसे बड़ा सवाल मौके से फरार होने को लेकर उठाया। उन्होंने कहा कि अगर आरोपी को घटना का पछतावा था और उनके लिए दुख था, तो टक्कर मारने के बाद वह रुका क्यों नहीं? सिया ने कहा कि उनकी हड्डियां टूट सकती थीं और उनकी जान भी जा सकती थी। उन्होंने दावा किया कि घटना कैमरे में रिकॉर्ड हुई है और वीडियो में कार को उनकी बाइक से टकराते हुए देखा जा सकता है। सिया ने आरोप लगाया कि उन्हें महिला बाइकर देखकर जानबूझकर निशाना बनाया गया।
आरोपी ने गलती मानी, जानबूझकर टक्कर से किया इनकार
इससे पहले आरोपी कल्याण बैंसला ने अपनी गलती स्वीकार की थी, लेकिन जानबूझकर टक्कर मारने के आरोप से इनकार किया था। उसने खुद को अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी और जिम संचालक बताया और दावा किया कि यू-टर्न के पास कार पर उसका नियंत्रण खो गया था। बैंसला ने कहा था कि उसे डर था कि बाइक सवारों का समूह उसे और उसके परिवार को पीट सकता है, इसलिए वह मौके से चला गया। विवाद के बाद उसने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी बंद कर दिया था। फिलहाल पुलिस कल्याण बैंसला की तलाश में जुटी है और मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
