DUSU Election 2026: मतदान शुरू, 20 उम्मीदवार मैदान में, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
DUSU Election 2026
DUSU Election 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ यानी DUSU Election 2026 के लिए शुक्रवार सुबह 8:30 बजे मतदान शुरू हो गया है। सुबह की पाली में मतदान दोपहर 1 बजे तक चलेगा, जबकि सांध्य कॉलेजों में दोपहर 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक वोट डाले जाएंगे। चुनाव को लेकर दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और कैंपस में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कई दिनों से प्रचार में जुटे उम्मीदवारों की किस्मत अब ईवीएम में बंद होगी।
DUSU Election 2026 में 20 उम्मीदवार मैदान में
इस साल DUSU Election 2026 में कुल 20 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। अध्यक्ष पद के लिए सबसे ज्यादा 7 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं उपाध्यक्ष पद पर 5 उम्मीदवार, जबकि सचिव और सह सचिव पद के लिए 4-4 उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव में करीब डेढ़ लाख छात्र अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। DUSU और कॉलेज यूनियन चुनाव के लिए कुल 1000 ईवीएम मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा, जबकि 300 सेंट्रल प्रोसेसिंग यूनिट रहेंगी।
ईवीएम से मतदान, शनिवार को आएगा चुनाव परिणाम
DUSU Election 2026 के मतदान के बाद सभी ईवीएम मशीनों को तुरंत सील कर दिया जाएगा। मतगणना शनिवार सुबह 8:30 बजे शुरू होगी और दोपहर तक चुनाव परिणाम घोषित किए जाने की जानकारी दी गई है। वहीं 8 से 10 कॉलेजों के छात्रसंघ चुनाव में बैलेट पेपर के जरिए मतदान कराया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मतदान के बीच कैंपस के बाहर भी प्रचार जारी
डूसू चुनाव के दिन विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन के बाहर भी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार जारी है। छात्र अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में राहगीरों और अन्य छात्रों के बीच प्रचार करते नजर आ रहे हैं। वहीं दिल्ली पुलिस ने साउथ कैंपस के आसपास ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है। वसंत गांव रेड लाइट से आरटीआर टी-पॉइंट तक आरटीआर मार्ग और मोती बाग से धौला कुआं तक रिंग रोड प्रभावित हो सकते हैं। ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 1095 जारी किया गया है।
DUSU Election 2026 में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
चुनाव प्रचार के अंतिम दिनों में कुछ जगहों पर हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद DUSU Election 2026 के दौरान सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट के अनुसार, मतदान और मतगणना के दौरान कॉलेजों के बाहर 1000 से 1500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस ने बृहस्पतिवार रात से ही कैंपस में मोर्चा संभाल लिया। कॉलेज परिसरों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक रहेगी और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। मतदान के लिए छात्रों को वैध कॉलेज आईडी दिखानी होगी, जबकि कुछ निर्धारित स्थितियों में फीस स्लिप और सरकारी पहचान पत्र के सत्यापन के बाद मतदान की अनुमति दी जाएगी।
