पहलगाम आतंकी हमला,CCS की बैठक में पाकिस्तान पर बड़ा एक्शन, सीमा पार संबंधों पर उठे सवाल

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए दर्दनाक आतंकी हमले के बाद देश में शोक और आक्रोश का माहौल है। इस नृशंस हमले में एक विदेशी नागरिक सहित 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई। अब इस हमले की जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। और इन्हीं तथ्यों के आधार पर भारत सरकार की सर्वोच्च सुरक्षा संस्था कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़े और दंडात्मक कदम उठाए हैं।

सीमा पार से जुड़े मिले सुराग

सूत्रों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में इस हमले के पीछे सीमा पार से संचालित आतंकी नेटवर्क का हाथ सामने आया है। यानि इस बार भी पाकिस्तान की ज़मीन से भारत के खिलाफ साजिश रची गई थी। इसी आधार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुलाई गई CCS की आपात बैठक में कई सख्त निर्णय लिए गए।

यह भी पढ़ें: पहलगाम आतंकी हमले पर क्रिकेट जगत का गुस्सा, श्रीवत्स गोस्वामी ने पाकिस्तान को लिया आड़े हाथ

पाकिस्तान के खिलाफ दंडात्मक कदम

बैठक में जिन कदमों पर चर्चा और सहमति बनी, उनमें सिंधु जल समझौते पर पुनर्विचार, पाकिस्तान से व्यापार और वीजा संबंधों की समीक्षा, और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान को अलग-थलग करने की रणनीति शामिल है। अधिकारियों के मुताबिक, अब भारत पाकिस्तान को कूटनीतिक मोर्चे पर भी कठोर संदेश देने की तैयारी में है।

देश में गुस्से की लहर

पहलगाम में मारे गए लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। इस क्रूर हमले ने हर भारतीय के दिल को झकझोर दिया है। सोशल मीडिया पर आम नागरिकों से लेकर तमाम राजनीतिक दलों तक ने एक स्वर में पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

क्या कहती है सरकार?

सरकार का कहना है कि भारत अब आतंकवाद पर ‘स्ट्रैटेजिक पेशेंस’ नहीं, बल्कि ‘स्ट्रॉन्ग एक्शन’ की नीति अपनाएगा। CCS की बैठक में यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि अब सिर्फ निंदा नहीं, ठोस जवाब दिया जाएगा – और वह जवाब ऐसा होगा जिसे पाकिस्तान लंबे समय तक याद रखेगा। पहलगाम हमला भारत की सुरक्षा और संप्रभुता पर हमला है। सरकार ने इस बार बिना देर किए कार्रवाई शुरू कर दी है। अब पूरा देश देख रहा है कि यह लड़ाई सिर्फ सीमा पर नहीं, हर मोर्चे पर लड़ी जाएगी और जीती भी जाएगी।

Share

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *