हरियाणा के कैथल से पाक जासूस गिरफ्तार, ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी सूचनाएं भेज रहा था

ऑपरेशन सिंदूर के खुलासों की कड़ी में एक और बड़ा झटका सामने आया है। पानीपत के बाद अब हरियाणा के कैथल जिले से एक संदिग्ध पाकिस्तानी जासूस को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान देवेंद्र सिंह के रूप में हुई है  जो कैथल के मस्तगढ़ गांव का रहने वाला है और सिख समुदाय से संबंध रखता है।

करतारपुर कॉरिडोर बना जासूसी का रास्ता?

कैथल पुलिस और खुफिया एजेंसियों की जांच में खुलासा हुआ है कि 25 वर्षीय देवेंद्र सिंह ने पिछले साल नवंबर 2024 में करतारपुर कॉरिडोर के जरिए पाकिस्तान की यात्रा की थी। वहीं वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के संपर्क में आया। इसके बाद से वह लगातार भारत से पाकिस्तान को सैन्य और रणनीतिक सूचनाएं भेज रहा था।

एसपी आस्था मोदी ने दी जानकारी

कैथल की एसपी आईपीएस अधिकारी आस्था मोदी ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि देवेंद्र सिंह पर देश की सुरक्षा से समझौता करने और पाकिस्तानी एजेंसी के साथ मिलकर जासूसी गतिविधियों में लिप्त होने के आरोप हैं। उसके पास से कुछ संदिग्ध दस्तावेज और डिजिटल सबूत भी बरामद किए गए हैं।

ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ा है मामला

देवेंद्र की गिरफ्तारी को हाल ही में सामने आए “ऑपरेशन सिंदूर” से जोड़कर देखा जा रहा है। इस ऑपरेशन के तहत अब तक हरियाणा में चार संदिग्ध जासूसों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो भारत के खिलाफ सूचनाएं पाक एजेंसियों को भेज रहे थे।

यह भी पढ़ें : ऑपरेशन सिंदूर: भारत का साहसिक हमला आतंकवाद के खिलाफ

खुफिया एजेंसियों की चौकसी से मुमकिन हुई गिरफ्तारी

देवेंद्र की संदिग्ध गतिविधियों पर मिलिट्री इंटेलिजेंस और स्थानीय खुफिया एजेंसियों की नजर थी। काफी समय से उसकी कॉल डिटेल, यात्राएं और संदिग्ध संपर्कों पर नजर रखी जा रही थी। पकड़े जाने के बाद उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है, और सूत्रों के अनुसार उससे कई  महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं।

करतारपुर कॉरिडोर का गलत इस्तेमाल?

इस मामले ने करतारपुर कॉरिडोर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस धार्मिक सद्भाव और श्रद्धा के उद्देश्य से यह कॉरिडोर खोला गया था, क्या अब वह जासूसी नेटवर्क का नया रास्ता बनता जा रहा है?

देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं

पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि देश की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर के तहत सभी संदिग्धों की जांच जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Share

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *