उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। सीबीआई (CBI) दफ्तर के अंदर घुसकर एक युवक ने धनुष-बाण से हमला कर दिया। बिहार से आए इस युवक की पहचान दिनेश मुर्मू के रूप में हुई है। हमले में एक ASI गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
CCTV में कैद हुआ तीरकांड
इस घटना का वीडियो अब सामने आया है, जिसमें साफ़ देखा जा सकता है कि आरोपी दिनेश मुर्मू गेट के पास खड़ा है और अचानक उसने धनुष से एएसआई के पेट में तीर मार दिया। यह हमला इतना अप्रत्याशित था कि किसी को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला।
गेट से केबिन तक पीछा किया
घायल ASI खुद को बचाने के लिए दौड़ते हुए गार्ड के केबिन में घुसा, लेकिन मुर्मू वहां भी पहुंच गया और फिर से तीर चलाया। इस दौरान सीबीआई कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था में अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें: बेंगलुरु में चलती बाइक पर गिरा पेड़, एक की मौत, CCTV में कैद हुआ हादसा
पुलिसकर्मियों ने पकड़ा, लोगों ने की पिटाई
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक अन्य सुरक्षाकर्मी ने साहस दिखाते हुए आरोपी पर डंडे से वार किया और उसे नीचे गिरा दिया। इसके बाद वहां मौजूद अन्य लोग भी पहुंच गए और मिलकर आरोपी को काबू में किया।
घायल ASI की हालत और पुलिस की प्रतिक्रिया
घायल एएसआई को तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि तीर का घाव लगभग 5 सेंटीमीटर गहरा है, लेकिन उनकी स्थिति स्थिर है और इलाज जारी है। वहीं, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मानसिक रूप से अस्वस्थ है आरोपी?
पुलिस की शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि आरोपी दिनेश मुर्मू मानसिक रूप से अस्वस्थ हो सकता है। उसकी मानसिक स्थिति की मेडिकल जांच कराई जा रही है।CBI जैसे उच्च सुरक्षा वाले कार्यालय में इस तरह धनुष-बाण से हमला सुरक्षा इंतज़ामों की गंभीर खामियों को उजागर करता है। यह घटना न सिर्फ हैरान करने वाली है, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की जरूरत को भी रेखांकित करती है।

संबंधित पोस्ट
India AI Impact Summit 2026: UN प्रमुख ने भारत को बताया मेजबानी के लिए उपयुक्त स्थान
Noida में वेलेंटाइन डे पर 15 साल के प्यार का खूनी अंत
Uttar Pradesh में शंकराचार्य विवाद! धर्म और राजनीति का नया टकराव